भूना। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को थाने में डीएसपी नर सिंह बिश्नोई की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीएसपी ने अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक बीट इंचार्ज अपने क्षेत्र में नशे की गतिविधियों पर पूरी नजर रखेगा और इसकी जवाबदेही तय होगी। यदि किसी क्षेत्र में नशे का कारोबार चलता पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सर्दी और धुंध के मौसम में चोरी जैसी घटनाओं में वृद्धि की आशंका को देखते हुए पुलिस को सतर्क रहने और लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई ने लंबित शिकायतों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। डीएसपी ने जांच अधिकारियों को मामलों में तेजी लाने और अपराधी प्रवृत्ति वाले लोगों पर निरंतर निगरानी रखने के आदेश दिए। बैठक में लिपिक प्रधान सुरेश कुमार सिवाच, सब इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार बिश्नोई, रामपाल खिलेरी, कांता देवी, शकुंतला देवी, सतीश कुमार, बंसीलाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।