भूना। फतेहाबाद पंचायत समिति चेयरपर्सन जहां बीडीपीओ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं वहीं भूना में कार्यवाहक बीडीपीओ भजनलाल शर्मा अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने सरकारी खर्चों में कटौती और कार्यालय व्यवस्था सुधारने की दिशा में कई अहम कदम उठाए हैं।
बीडीपीओ भजनलाल शर्मा ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के कमरों में लगे एसी तुरंत प्रभाव से हटवा दिए। एसी के अधिक उपयोग से बिजली बिल बढ़ता है जिससे सरकारी राजस्व पर अनावश्यक बोझ पड़ता है। उन्होंने बताया कि सरकारी संसाधनों का उपयोग जरूरत के अनुसार ही होना चाहिए।
बीडीपीओ स्वयं अपने कार्यालय में केवल पंखे के नीचे बैठकर कार्य कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने ब्लॉक स्तर पर कार्यरत सीपीएलओ कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
इधर बीडीपीओ की मनमानी के खिलाफ धरना जारी
पंचायत समिति चेयरपर्सन पूजा बरसीन के नेतृत्व में सरपंचों और समिति सदस्यों ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) के खिलाफ दूसरे दिन भी बीडीपीओ कार्यालय में धरना जारी रखा। चेयरपर्सन का कहना है कि यह धरना अनिश्चितकालीन रहेगा और बीडीपीओ पर सख्त कार्रवाई होने तक समाप्त नहीं किया जाएगा।
धरने पर बैठीं पूजा बरसीन ने आरोप लगाया कि बिना उनकी अनुमति और सहमति के उनके कार्यालय कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने इसे उनकी निजी जिंदगी में दखल बताते हुए कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेने के बजाय उन पर निगरानी रखने और उन्हें नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार आरटीआई लगाकर उनके कार्यों में बाधा डाली जा रही है। संवाद