टोहाना में 90 फीसदी राशन कार्डों का विवरण हुआ ऑनलाइन -अधिकारियों के साथ बराला ने किया शहर की समस्याओं और विकास कार्यों पर मंथन अमर उजाला ब्यूरो टोहाना। स्थानीय विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने आज डांगरा रोड स्थित एपेक्स कॉलेज में प्रशासनिक अधिकारियों और शहर के प्रबुद्ध लोगों के साथ शहर की समस्याओं और विकास कार्यों पर मंथन किया। शहर के गणमान्य लोगों ने शहर की समस्याएं रखीं।
इनके समाधान के लिए बराला ने अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए। एक शिकायत पर एसडीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार अब केवल उन्हीं मामलों में एफिडेविट देना अनिवार्य है जहां एक्ट में इसका प्रावधान है। सामान्य कार्यों के लिए आवेदक स्व: घोषित प्रमाणपत्र दे सकता है। उन्होंने पेंशन संबंधी एक समस्या के बारे में बताया कि पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दिसंबर तक हर महीने खंड स्तर पर खुला दरबार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पेंशन के लिए पात्रता मानकों के संबंध में भी उपस्थित लोगों को जानकारी दी। राशन कार्ड नहीं बनने की शिकायत पर एसडीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट राशन कार्ड बनाने का काम चल रहा है। इसके बाद केवल पात्र व्यक्ति को ही सस्ते राशन का लाभ मिलेगा। सरकार पात्र परिवारों को सब्सिडी की राशि उनके खाते में भेजने की भी योजना बना रही है। टोहाना में 90 प्रतिशत राशन कार्डों का विवरण ऑनलाइन किया जा चुका है, जिसे अगले एक माह में शत-प्रतिशत कर लिया जाएगा।
जनस्वास्थ्य विभाग और नप आपसी तालमेल से खत्म करें जलनिकासी की समस्या
शहरवासियों ने कुछ हिस्सों में जलनिकासी की समस्या रखी तो बराला ने जनस्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद को आपसी तालमेल के साथ इसका समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने नप अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नाली से सीवरेज में जाने के स्थान पर जाली लगाना सुनिश्चित करें। एसडीएम ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर सीवरेज से प्रतिदिन 1-1 ट्राली पॉलीथिन निकाला जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे सीवरेज तथा नहीं गलने वाले ठोस कचरे को सीवरेज में नहीं डालें और ठोस कचरा जगह-जगह लगे डस्टबिन में ही डालें। एसडीएम ने कहा कि डस्टबिन को उठाकर खाली करने वाले डस्टबिन लोडर खरीदे जाएंगे। घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने के लिए पहले चरण में दो टाटा एस गाड़ियां भी खरीदी जाएंगी।
बराला बोले-सड़कों के बीच लगे बिजली के खंभे हटवाएं एक्सईएन
विधायक सुभाष बराला ने बिजली निगम के एक्सईएन से कहा कि वे सड़कों के बीच लगे बिजली के खंभे हटवाएं और बिजली चोरी पकड़ने के काम में होने वाले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करें। बैठक में दूसरे राज्यों और जिलों से आने वाले लावारिस पशुओं पर रोक लगाने, विभिन्न स्थानों पर आवश्यकतानुसार गलियां व सड़कें बनवाने सहित अन्य अनेक मामलों में व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर तहसीलदार नवदीप नैन, नप चेयरमैन कुलदीप सिंह, जयदीप बराला, नरेंद्र गर्ग बंटू, रिंकू मान, एक्सईएन हेमंत मित्तल, आरएस सभरवाल, आरके शर्मा, नप के कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, बीडीपीओ दिलबाग सिंह, नप सचिव संदीप सोलंकी, मार्केट कमेटी सचिव सुरेंद्र सिंह, रवींद्र मेहता, संजय रेवड़ी, निजी सचिव कृष्ण नैन, अनिता मेहता, कुश भार्गव, सरदारी लाल, जिलेसिंह बराला, तिलकराज भाटिया, पार्षद रिंकू गर्ग, वेद जांगड़ा, एसडीओ आदर्श सिंगला, राजेश माचरा सहित अन्य विभागों के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता व शहरवासी भी मौजूद थे।