फतेहाबाद। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन मंगलवार को विभिन्न पदों के लिए कुल 5 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रधान पद के लिए 4 तो सचिव पद के लिए 2 नामांकन आए।
चुनाव अधिकारी राकेश गर्ग, सदस्य आरएस चथरथ, कमलेश वशिष्ठ, प्रेम परमजीत कौर, राजेश गांधी व अनुज आनंद के समक्ष दाखिल किए। मंगलवार को प्रधान पद के लिए एडवोकेट सुभाष चंद्र जांघू, सुभाष चंद्र भादू व शशीबाला ने प्रधान पद के लिए अपने नामांकन पत्र भरा। पुनीत भुटानी ने सचिव पद के लिए नामांकन पत्र भरा। सुनील कुमार ने लाइब्रेरी इंचार्ज पद के लिए नामांकन पत्र भरा। चुनाव में विभिन्न पदों के लिए कुल 10 नामांकन पत्र भरे गए हैं।
चुनाव अधिकारी राकेश गर्ग, सदस्य आरएस चथरथ, कमलेश वशिष्ठ, प्रेम परमजीत कौर, राजेश गांधी व अनुज आनंद ने बताया कि वीरवार 13 फरवरी को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। उसके बाद नामांकन वापिस लिए जा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रधान पद के लिए दिनेश गेरा सहित विभिन्न पदों के लिए 5 नामांकन पत्र भरे गए थे। नामांकन पत्र भरने के आखिरी दिन प्रधान पद के लिए कुल 4 नामांकन व सचिव पद के लिए 2 नामांकन दाखिल हुए हैं। इसके अलावा बाकी पदों पर एक-एक नामांकन पत्र ही दाखिल हुआ है।
उपप्रधान पद के लिए सितेंद्र बिश्नोई, वित्त सचिव पद के लिए संदीप श्योराण, सहसचिव पद के लिए शम्मी राठौर व लाइब्रेरी इंचार्ज के लिए सुनील कुमार ने नामांकन भरा है। अंतिम तिथि के साथ ही यह तय हो गया कि जिन पदों के लिए एक-एक आवेदन आए हैं उन पर चुनाव नहीं होगा। 13 फरवरी को छंटनी के बाद उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा।
वहीं प्रधान पद के लिए दिनेश गेरा, सुभाष चंद्र भादू, सुभाष चंद्र जांघू और शशि बाला में चुनाव होगा। इसके अलावा सचिव पद के लिए पुनीत भूटानी और सुग्रीव गोदारा में मुकाबला होने की संभावना है।
-
एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने पर बधाई देने पहुंचे वकील
जिन पदों पर एक-एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ है उनका चुना जाना तय माना जा रहा है। जैसे ही 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल हुए उसके बाद उप प्रधान सितेंद्र बिश्नोई, वित्त सचिव संदीप श्योराण, सहसचिव शमी राठौर व लाइब्रेरी इंचार्ज सुनील कुमार को वकीलों ने बधाई दी। इस अवसर पर उन्हें लड्डू खिलाकर मुंह मीठा भी करवाया गया।