बालाजी टाइगर को टी10 प्रीमियर लीग का खिताब देते हुए मुख्य अतिथि व आयोजक मंडल :संवाद
रतिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित टी-10 प्रीमियर लीग का खिताब बालाजी टाइगर ने अपने नाम किया। फाइनल में बालाजी टाइगर ने वेस्टर्न कैरियर वॉरियर्स को 11 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बालाजी टाइगर की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 99 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टर्न कैरियर वॉरियर्स की टीम ने शानदार शुरुआत की और एक समय मुकाबला उनके पक्ष में नजर आ रहा था। अंतिम ओवरों में बालाजी टाइगर के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
टीम ने बेहतरीन फील्डिंग के साथ मैच में वापसी की और वेस्टर्न कैरियर वॉरियर्स की टीम लक्ष्य से 11 रन दूर रह गई और इस तरह से बालाजी टाइगर ने फाइनल जीत लिया। विजेता टीम को 31 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रतियोगिता में बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट कैच के लिए खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
आयोजक एडवोकेट पंकज गर्ग, अतुल गोयल, दीपक गर्ग और सौरव जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा दिखाई। समापन समारोह में अग्रवाल समाज के प्रधान प्रमोद बंसल, रोशन लारा कमांडो, समाजसेवी राजकुमार खुंडिया, नीलकंठ महादेव कांवड़ संघ के प्रधान रमन बलाना और चेयरमैन कमल अरोड़ा मौजूद रहे।