फतेहाबाद। जीटी रोड स्थित ममता नर्सरी के माली ने गांव बड़ोपल की सरपंच पर साढ़े तीन लाख रुपये से ज्यादा की बकाया राशि का भुगतान न करने का आरोप लगाया है। इस मामले में माली ललित कुमार ने सीएम विंडो में शिकायत दर्ज करवाई है। ललित का आरोप है कि उसने उपायुक्त व अन्य अधिकारियों को भी शिकायत की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अपने मेहनताने के लिए माली दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। वहीं गांव की सरपंच शारदा देवी का कहना है कि माली ललित कुमार ने कार्य पूरा नहीं किया है। वह जब भी कार्य पूरा कर देगा तो ग्राम पंचायत की मेजरमेंट बुक में चढ़ाकर बाकी पेमेंट दे दी जाएगी।
सीएम विंडो में दी शिकायत में ललित ने बताया कि उसकी जीटी रोड पर ममता नाम से नर्सरी है। बड़ोपल सरपंच ने अगस्त 2019 में चार एकड़ के क्रिकेट स्टेडियम में घास लगाने का काम दिया था। उसने कुल 1,69,725 वर्ग फुट एरिया में घास लगाई, जिसके करीब सवा चार लाख रुपये बने थे। इस पर सरपंच ने उसे 58,500 रुपये दे दिए और बाकी चेक के माध्यम से देने की बात कही। ललित ने बताया कि उसने सरपंच से 3,65312 रुपये लेने हैं जोकि सरपंच अदा नहीं कर रहा है। उसने कहा कि जब वह सरपंच प्रतिनिधि के पास रुपये मांगने गया तो उसने मना कर दिया और उसे धमकाते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पर ललित ने 27 नवंबर को सरपंच व उसके पति के खिलाफ शिकायत की तो खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी फतेहाबाद ने उसे व सरपंच को बुलाया। ललित ने आरोप लगाया कि अधिकारी के सामने ही सरपंच प्रतिनिधि ने उसे धमकाना शुरू कर दिया था।
माली ललित कुमार ने उनसे 70 हजार रुपये ले लिए और काम नहीं किया। जब भी वह घास का कार्य पूरा कर देगा तो ग्राम पंचायत की मेजरमेंट बुक में चढ़ाकर बाकी पेमेंट दे दी जाएगी। - शारदा देवी पूनियां, सरपंच, गांव बड़ोपल