भूथनकलां गांव में चाची द्वारा 12 वर्षीय नाबालिग लड़की की शादी अपने 35 वर्षीय भाई से कराने का मामला प्रकाश में आया है। मामले की जानकारी तब मिली जब नाबालिग की तबियत खराब हुई। नाबालिग ने अस्पताल की डॉक्टर से अपनी आपबीती सुनाई। डॉक्टर से सूचना मिलने पर महिला कांग्रेस प्रधान उषा दहिया अस्पताल पहुंचीं और जिला महिला संरक्षण अधिकारी रेखा अग्रवाल को इसकी जानकारी दी। महिला कांग्रेस नेत्री ने नाबालिग का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में किसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
सरकारी अस्पताल फतेहाबाद में मौजूद नाबालिग ने बताया कि उसके पिता जोगीराम की चार वर्ष पहले मौत हो गई थी। पिता की मौत से पहले उसकी मां भी घर छोड़ कर कहीं चली गई थी। इसके बाद वह गांव भूथनकलां में अपने चाचा फकीर चंद और चाची राजबाला के पास रहकर गांव में ही स्थित स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। नाबालिग ने बताया कि लगभग 6 माह पहले एक दिन उसकी चाची राजबाला, उसकी बुआ तारो और फूफा मुंशी ने घर में ही जयमाला डलवा कर चाची राजबाला के 35 वर्षीय भाई कान्हाराम से उसकी शादी करवा कर उसे कान्हाराम के साथ भादरा राजस्थान भेज दिया।
नाबालिग ने बताया कि वह शादी नहीं करना चाहती थी लेकिन उसे जबरन कान्हाराम के साथ भेज दिया गया। नाबालिग ने बताया कि कान्हाराम ने उसके साथ भादरा में कई बार गलत काम किया। उसने बताया कि वह अब कान्हाराम के पास भादरा नहीं जाना चाहती।
पीड़िता ने बयां किया दर्द
12 वर्षीय नाबालिग एक सप्ताह से भादरा से गांव भूथनकलां में अपने चाचा फकीरचंद के घर आई हुई थी। उसकी तबीयत खराब थी। जिसके कारण चाचा फकीरचंद शनिवार को उसे संदूजा अस्पताल में दिखाने के लिए लाया। इलाज के दौरान नाबालिग ने सारी बातें डॉ. संदूजा को बताई। डॉ. संदूजा ने इस मामले की जानकारी महिला कांग्रेस जिला प्रधान उषा दहिया को दी। समाचार लिखे जाते समय तक पुलिस ने इस मामले में किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया था।
मेरे संज्ञान में है मामला
इस मामले में जिला महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी रेखा अग्रवाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। नाबालिग की उम्र कम होने के कारण यह केस चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर को सौंप दिया गया है।
लड़की की हालत बिगड़ी
नाबालिग की अस्पताल में अचानक हालत बिगड़ गई। उसे सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है। नाबालिग को ऑक्सीजन चढ़ाई गई है। डॉक्टर ने बताया कि लड़की को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। उसका इलाज अभी चल रहा है उसे अभी अस्पताल में इमरजेंसी में ही रखा जाएगा।