रतिया। गांव कलोठा गल से अलीका रोड पर जा रही पुलिस टीम को लूटने का प्रयास किया गया। सदर पुलिस ने दो आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस के एएसआई भूप सिंह, सरबजीत सिंह, सुखदेव सिंह की टीम बस स्टैंड गांव कलोठा पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दो युवक हथियारों के बल पर राहगीरों को लूटने के लिए कलोठा गांव से अलीका रोड पर बाइक समेत छुपकर बैठे हैं। योजना के तहत पुलिस ने जिप्सी की बत्ती उतारी और अन्य पहचान हटाकर यह टीम उक्त स्थान पर पहुंची तो सामने से एक युवक ने टॉर्च की रोशनी से गाड़ी को रोकने का इशारा किया।
पुलिस टीम ने गाड़ी रोकी तो दूसरा युवक भी बाहर आ गया और पुलिस जिप्सी के चालक पर पिस्तौल तानकर कहा कि जो सामान तुम्हारे पास है, हमारे हवाले कर दो नहीं तो गोली मार देंगे। इसी दौरान पुलिस ने सरकारी गाड़ी की लाइट चलाई तो पुलिस की वर्दी में देखकर दोनों हथियारबंद युवक वहां से भागने लगे।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को हथियारों सहित काबू कर लिया। उनकी पहचान जितेंद्र उर्फ बंटी निवासी मोहम्मदपुर सोतर और राजन निवासी गांव बोडा के रूप में हुई। सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि इन दोनों के खिलाफ धारा 398, 401 और 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।