टोहाना। शहर के भूना रोड स्थित आईजी कॉलेज के साथ लगती एसबीआई ब्रांच के एटीएम को अज्ञात चोरों ने तोेड़ने का प्रयास किया लेकिन वे विफल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीएसपी उमेद सिंह, एसएचओ सुरेंद्र सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बैंक प्रबंधक के अनुसार वारदात के समय एटीएम में पांच लाख रुपये से अधिक का कैश मौजूद था।
शनिवार को जब राहगीरों ने एटीएम का शटर उठा हुआ देखा तो मामले की सूचना शहर पुलिस को दी गई। सूचना पाकर थाना शहर प्रभारी सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तथा बैंक प्रबंधक गणेश कुमार बुलाया। बदमाशों ने एटीएम परिसर के बाहर लगे ताले को तोड़ने के बाद वहां लगे कुंडो को भी तोड़ दिया जो सड़क किनारे से बरामद किए गए। जानकारी पाकर डीएसपी उमेद सिंह मौके पर आए, शहर प्रबंधक की ओर से बैंक के बाहर लगे कैमरों की जांच शुरू की गई। सीसीटीवी कैमरे के अनुसार अलसुबह दो बजकर 14 मिनट पर दो व्यक्ति हाथ में सब्बल लिए भूना रोड की ओर जाते हुए दिखाई दिए जो आपस में बातचीत करते हुए जा रहे हैं। कैमरे के अनुसार 2 बजकर 42 मिनट पर एक व्यक्ति पीठ पर बैग लटकाकर जा रहा है। इसके बाद 2 बजकर 55 मिनट पर एक गाड़ी आती है जो गोशाला के गेट से बैक होकर बैंक की तरफ कैमरे से दूर खड़ी हो जाती है। एटीएम में लगे बिल्टअप कैमरे के अनुसार एक आरोपी एटीएम में तीन बजकर एक मिनट पर प्रवेश करता है जिसके बाद वह परिसर में लगी लाइट को बंद कर देता है तथा टार्च जलाकर कार्य शुरू करता है। उसके बाद आरोपी कैमरे में अंधेरे की वजह से नहीं आ पाता।
सीन आफ क्राइम व सीआईए टीम ने किया मुआयना
थाना शहर पुलिस की टीम ने भूना रोड के दोनों ओर लगे कैमरों की जांच की तो आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। मामले की सूचना पाकर फतेहाबाद से सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर आई तथा एटीएम मशीन, मशीन के बाक्स, एटीएम दरवाजे के बाहर से निशान जुटाए है। थाना शहर पुलिस और सीआईए ने सीसीटीवी से कुछ संदिग्धों की फोटो लेकर जांच शुरू कर दी है।
एक सप्ताह पहले डाले थे 9 लाख रुपये
बैंक प्रबंधक के अनुसार एक महीना पहले ही नई मशीन प्रबंधन की ओर से दी गई थी। बैंक प्रबंधन की ओर से कुछ समय पहले ही सीसीटीवी कैमरों को ठीक करवाया था लेकिन एटीएम परिसर में अलग से लगाया गया कैमरा 21 नवंबर के बाद से बंद पाया गया। बैंक प्रबंधक के अनुसार लगभग एक सप्ताह पूर्व मशीन में 9 लाख रुपये की राशि डाली गई थी तथा शुक्रवार रात्रि करीबन 7 बजकर 14 मिनट पर अंतिम व्यक्ति ने रुपये निकाले है। बैंक प्रबंधक गणेश कुमार ने बताया कि एटीएम बिल्ट कैमरे से जांच की गई है तो एक व्यक्ति दिख पाया है, एटीएम की जांच करने पर शनिवार को उसमें 5 लाख 84 हजार 900 रुपये बरामद हुए है। प्रबंधक ने मामले की लिखित शिकायत शहर पुलिस को दे दी है।
लगभग 4 साल पहले इसी रोड़ पर हुई थी एटीएम की घटना
जानकारी अनुसार वर्ष 2015 के दिसंबर में भूना रोड स्थित सेंट जोसफ स्कूल के पास स्थित पीएनबी के एटीएम को कटर से काटने के बाद आरोपी लगभग 17 लाख रुपये निकाल कर ले गए थे। सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू कर लिया था, वहीं बैंक प्रबंधन की ओर से एटीएम को उस दिन से आज तक बंद रखा गया है।
क्या कहते है एसएचओ
इस बारे में थाना शहर प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि भूना रोड स्थित एटीएम में सेंध लगाने का प्रयास किया गया है लेकिन नकदी नहीं निकाल सके। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने एटीएम कमरे में घुसते ही बल्ब को बंद कर दिया तथा टार्च से घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। मामले को लेकर सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है और कुछ संदिग्ध सब्बल लिए जाते हुए नजर आए है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।