फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचीं सांसद सुनीता दुग्गल ।
- फोटो : अमर उजाला
सांसद सुनीता दुग्गल ने शनिवार दोपहर बाद फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सांसद दुग्गल ने नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, महिला और पृथक वार्ड का दौरा किया। इस दौरान सांसद सुनीता दुग्गल ने अस्पताल परिसर में बने नशा मुक्ति केंद्र में जाकर वहां भर्ती युवकों से बातचीत की और उन्हें समाज की मुख्य धारा में लौटने की सलाह दी।
डॉक्टर को एपर्न पहनने की दी नसीहत, खुद भीड़ लेकर अस्पताल में घूमती रही सांसद
अपने औचक निरीक्षण के दौरान सांसद सुनीता दुग्गल ने आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सक से मरीजों के बारे में जानकारी ली और इस दौरान उन्हें बिना चिकित्सकीय एपर्न के देखकर उन्हें यूनिफार्म मैनर्स का सम्मान करने की नसीहत दे डाली। पृथक वार्ड में जहां चिकित्सकों ने मास्क पहन रखा था, वही सांसद महोदय सारा अस्पताल ही बिना मास्क के घूम आईं।
इस दौरान वे अपने समर्थकों व सुरक्षाकर्मियों की अच्छी-खासी भीड़ लेकर अस्पताल परिसर में घूमती रहीं। कोरोनावायरस के खौफ के चलते खुद प्रधानमंत्री की ओर से कहा जा चुका है कि कहीं भी भीड़ एकत्रित करने से बचा जाना चाहिए।
बोलीं- नियमित रूप से करूंगी अस्पताल की व्यवस्था की जांच
सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि वो स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची थी। संसदीय क्षेत्र में किसी भी अस्पताल का निरीक्षण कर सकती हैं, इसके लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को व्यवस्था बनाए रखनी होगी। मीडिया द्वारा डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाए जाने पर सांसद दुग्गल ने कहा कि सरकार की ओर से नागरिक अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के प्रयास लगातार जारी हैं और जल्द ही सभी अस्पतालों में खाली पद भरे जाएंगे।