जिले में कोरोना को लेकर राहत भरा आंकड़ा शुक्रवार को सामने आया है। अब जिले में कोरोना के सक्रिय मरीज 100 से भी कम हो गए है। 88 मरीज ही अब सक्रिय है। ये ही नहीं रतिया शहर कोरोना मुक्त हो गया है। रतिया शहर में अभी कोरोना का कोई मरीज सक्रिय नहीं है। यहां अब तक 445 मरीज मिल चुके है। इसमें सात संक्रमित मरीजों की मौत भी हुई है जबकि रतिया ग्रामीण में भी तीन मरीज सक्रिय है। जाखल में भी एक ही मरीज एक्टिव है।
पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए है। 1693 सैंपलों की रिपोर्ट में ये संक्रमित मिले है। राहत की बात यह है कि दिसंबर माह में कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका थी लेकिन गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि 25 दिनों में 15 संक्रमित मरीजों की मौत जरूर हुई है। जिले में शुक्रवार तक कुल मरीज 4635 हुए है। 25 मरीज ठीक होने के कारण अब 88 मरीज ही सक्रिय है। शुक्रवार की स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सैंपल रिपोर्ट में फतेहाबाद के भिरड़ाना में छात्रा तथा टोहाना में निजी स्कूल का छात्र संक्रमित मिला है।