फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में ओपीडी कक्ष के बाहर खड़े मरीज नंबर आने का इंतजार करते हुए
फतेहाबाद। मौसम में पिछले कई दिनों से उतार-चढ़ाव का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। लोग बुखार, खांसी-जुकाम की चपेट में आ रहे है और अस्थमा रोगियों को भी इंफेक्शन हो रहा है इसके चलते सांस लेने में दिक्कत हो रही है। नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ की ओपीडी बढ़ गई है। वायरल को लेकर मरीजों की ओपीडी 125 से 150 तक पहुंच गई है।
ओपीडी में डॉक्टर के पास लोग बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत लेकर आ रहे हैं। इसके अलावा अस्थमा रोगी सांस लेने में दिक्कत का उपचार लेने के लिए पहुंच रहे है। ये ही नहीं बच्चों पर भी बारिश के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव का असर पड़ रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भी रोजाना 80 से 100 तक शिशु रोजाना उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग को बारिश के कारण बीमारियां फैलने का खतरा भी सताने लगा है। विभाग ने रेपिड फीवर सर्वे को लेकर तीसरा चरण भी शुरू कर दिया है। सर्वे के दौरान टीमें घर-घर जाकर बुखार को लेकर जानकारी लेंगी और स्लाइड बनाएंगी। इसके अलावा लारवा मिलने पर उसे नष्ट करेंगी।
रैपिड फीवर सर्वे की ये है स्थिति
चरण सर्वे में शामिल घर बुखार केस मिले
पहला चरण 113749 2062
दूसरा चरण 120388 2185
कोट
मौसम में पिछले कई दिनों से बदलाव के कारण वायरल मरीजों की ओपीडी बढ़ी है। इसके अलावा अस्थमा रोगियों को इंफेक्शन हो रहा है इस कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में लोगों को खानपान पर ध्यान देने की जरूरत है, बाहर का खाना खाने से परहेज करें।
-डॉ. मनीष टुटेजा, विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल