हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि वे हरियाणा में हुए जातीय दंगों के लिए सरकार की ओर से गठित प्रकाश सिंह कमेटी की रिपोर्ट प्रदेश की आम जनता के लिए सार्वजनिक होनी चाहिए, ताकि लोगों के सामने सच्चाई आ सके। वे मंगलवार को सिरसा से कुरुक्षेत्र जाते समय बस अड्डे पर लोगों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस कमेटी के चेयरमैन और पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह को इस बात को भी सार्वजनिक करना चाहिए, जिन्होंने कुछ अधिकारियों को बचाने के लिए उन पर दबाव डाला था। डॉ. तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार मामले में लीपापोती ही चाहती थी।
कमेटी के चेयरमैन के मंत्रियों और नेताओं द्वारा उन्हें दबाव में लेने के खुलासे के बाद इस बात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस प्रकार मामले में दोषी करार दिए गए बड़े अधिकारियों को बचाने की कवायद हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की विजय ने दर्शाया है कि लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में अपनी आस्था जाहिर की है।
उन्होंने कहा कि यूपीए शासन के दौरान प्रदेश के एक बड़े हिस्से को बिजली संकट से बचाने के लिए गोरखपुर में परमाणु बिजली संयंत्र लगाया था, मगर मौजूदा भाजपा शासन की उदासीनता के चलते आज इस संयंत्र का कार्य पूरी तरह से ठप है। इतना ही नहीं खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए दरियापुर में आरंभ की गई फुटबाल अकादमी में आज तक खिलाड़ियों के रहने के लिए छात्रावास की व्यवस्था के लिए धनराशि जारी नहीं की गई। डॉ. तंवर ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में सूखे के से हालात हैं और लोगों को बिजली पानी के घोर संकट का सामना करना पड़ रहा है, मगर प्रदेश के मुख्यमंत्री विकास रैलियां करने में जुटे हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश भर के ताजा हालात जानने के लिए बस अड्डे के पास ही समाचार पत्रों की स्टॉल से समाचार पत्र भी लिए।