टोहाना। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के ग्रामीण सब-डिवीजन के कर्मचारी उपमंडल अधिकारी के रवैये से लंबे समय से नाराज चल रहे हैं। यूनियन प्रतिनिधियों को शुक्रवार को बैठक के लिए बुलाने के बावजूद एसडीओ के उपस्थित न होने पर गुस्साएं कर्मचारियों ने उनके कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। उन्होंने सोमवार से धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
यूनियन से प्रधान सूरजमल ने बताया कि एसडीओ द्वारा निर्धारित समय पर वे सभी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने दोपहर 12 बजे तक उपमंडल अधिकारी का इंतजार किया, लेकिन वे बैठक के लिए उपस्थित नहीं हुए। यूनियन नेता सूरजमल ने एसडीओ की कार्यशैली को गैर-जिम्मेदाराना और कर्मचारियों का अपमान करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि बुलाकर बैठक न करना और कर्मचारियों को इंतजार करवाना प्रशासनिक असंवेदनशीलता को दर्शाता है। सूरजमल के अनुसार, इससे पहले भी विभागीय मांगों, मानवीय घटनाओं और आंदोलन स्थगित करने के बावजूद उपमंडल अधिकारी ने कर्मचारियों की भावनाओं और समस्याओं की अनदेखी की है। यूनियन ने निर्णय लिया है कि सोमवार से सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ग्रामीण सब-डिवीजन कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यूनियन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस दौरान विभागीय कार्य प्रभावित होते हैं या राजस्व की कोई हानि होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उपमंडल अधिकारी (ग्रामीण) और संबंधित विभागीय अधिकारियों की होगी। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और इंसानियत की रक्षा के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।