फतेहाबाद। जिले के 19 गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों पर भवनों का निर्माण कार्य जारी है। इनके बनने के बाद बच्चों को वहां पर और अच्छी सुविधाएं मिल पाएंगी। कई गांवों की आंगनबाड़ी के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है जबकि कुछ का काम अभी बाकी है।
इनके निर्माण के लिए जिला परिषद की ओर से 2 करोड़ 46 लाख 24 हजार की राशि मंजूर की गई है। इन आंगनबाड़ियों का निर्माण उन गांवाें में किया गया है, जहां पर ग्राम पंचायत ने कम से कम 200 वर्ग गज भूमि निशुल्क उपलब्ध करवाई गई है। इसके अंतर्गत जिले के गांव खाबड़ा कलां, मेहूवाला, ठुइयां, बोस्ती, लहरियां, बस्ती भीवां, दरियापुर, एमपी रोही, लालवास, भट्टू खुर्द, नागपुर, एमपी सोत्तर, सहनाल, अकावाली, पिरथला में एक-एक जबकि जमालपुर शेखां में तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य जारी है। इनके बनने के बाद यहां पर आने वाले बच्चों को खेलने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी।
प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में 12.96 लाख की लागत से ये भवन बनाए जा रहे हैं। नए आंगनबाड़ी भवनों में शौचालय, रसोईघर के साथ दो बड़े हॉल बनाए गए हैं। इसके साथ ही भवनों के चारों तरफ चहारदीवारी का निर्माण कार्य करवाया गया है। वहीं जिन गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र किराये के भवन में संचालित हो रहे हैं, उनको अब नए आंगनबाड़ी भवनों में शिफ्ट किया जा सकेगा।
:: जिले के 19 गांवों में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य जारी है। इसमें से कई आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन का काम पूरा कर लिया गया है। शेष का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
सुमन खिचड़, चेयरपर्सन, जिला परिषद, फतेहाबाद।