फतेहाबाद। जिले के 25 गांवों में धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व वाले प्राचीन वृक्षों को पवित्र उपवन योजना के तहत संरक्षित किया जाएगा। वन विभाग ने इन गांवों में पीपल, बरगद, जांटी, जाल और केर के पेड़ों को चिह्नित कर उनका भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया है।
अब इनके संरक्षण के लिए बजट का अनुमान तैयार किया जाएगा। ये वृक्ष पंचायती भूमि, मंदिरों, तालाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे हैं। ग्रामीणों की आस्था से जुड़े इन पेड़ों की उम्र कई दशक पुरानी है। समय के साथ इनकी सुरक्षा और देखरेख की जरूरत महसूस की जा रही थी।
प्रदेश सरकार की योजना के तहत प्राचीन वृक्षों के चारों ओर घेराबंदी करवाई जाएगी। इनके पास चबूतरों का निर्माण होगा। जड़ों को मजबूती देने के लिए मिट्टी भी डाली जाएगी। इससे पेड़ों को सुरक्षित रखने के साथ उनके आसपास के स्थानों का भी सुधार होगा।
प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी जल्द ही इस योजना का शुभारंभ करेंगे। वन विभाग बजट तैयार होने के बाद संरक्षण से जुड़े कार्य शुरू करवाएगा। योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े पुराने वृक्षों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
आस्था से मिलेगी वृक्षों को सुरक्षा
वन विभाग के रेंज ऑफिसर यशवीर ने बताया कि पवित्र उपवन योजना केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है बल्कि इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास किया जा रहा है। गांवों में पीपल और बरगद जैसे वृक्षों को देवतुल्य माना जाता है। विशेष त्योहारों और धार्मिक अवसरों पर ग्रामीण इनकी पूजा करते हैं। इसके बावजूद उचित देखरेख और संरक्षण के अभाव में कई पुराने वृक्षों के अस्तित्व पर खतरा बना रहता है। अब वन विभाग आस्था से जोड़कर इनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी संभालेगा ताकि विकास कार्यों या उपेक्षा के चलते ये वृक्ष नष्ट न हों।
इन गांवों का किया गया चयन
पवित्र उपवन योजना में वन विभाग ने जिले के चिंदड़, ठूईयां, रामसरा, भोड़ा होशनाक, धांगड़, धारनिया, कन्हड़ी, जांडली खुर्द, जमालपुर शेखां, चितैन, ढाणी गोपाल, पारता, बोस्ती, नाढ़ोडी, सरवरपुर, खैराती खेड़ा, अकांवाली, बोसवाल, भिरड़ाना, भूथन कलां, ढाणी माजरा, मेहूवाला, पीली मंदोरी और गदली जाटान गांवों का चयन किया है। इन सभी गांवों में वृक्षों का भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है। ये सभी वृक्ष गांव की पंचायती भूमि पर लगे हैं।
पंचायती भूमि से लेकर मंदिरों तक होंगे संरक्षित
योजना के तहत पंचायती भूमि के अलावा प्राचीन मंदिरों, गांवों के तालाबों, गोशालाओं और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे पूजनीय वृक्षों को भी संरक्षण दिया जाएगा। इन वृक्षों के आसपास चबूतरे बनवाने के साथ सुरक्षा के लिए घेराबंदी की जाएगी। वहीं जड़ों को मजबूती देने के लिए मिट्टी भराई का कार्य भी करवाया जाएगा। जांटी और बरगद जैसे वृक्ष कम पानी में भी लंबे समय तक जीवित रहते हैं और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
-
:: पवित्र उपवन योजना का मुख्य उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले प्राचीन वृक्षों को बचाना और उनकी आयु बढ़ाना है। विभाग जल्द ही चिह्नित गांवों के लिए एस्टीमेट तैयार कर बजट जारी करवाएगा। इसके बाद संरक्षण के कार्य शुरू किए जाएंगे।
-राजेश लीलड़, जिला वन अधिकारी, फतेहाबाद।