फतेहाबाद। मादक पदार्थों से जुड़े नौ मामलों में संलिप्त बीघड़ रोड स्थित काठ मंडी निवासी राजीव कुमार को पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत एक साल के लिए निरुद्ध किया गया है। सरकार के आदेश पर पुलिस ने केंद्रीय जेल हिसार में डिटेंशन की कानूनी प्रक्रिया पूरी करवा दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 तक मादक पदार्थों से संबंधित नौ प्राथमिकी दर्ज हैं। बार-बार नशे से जुड़े मामलों में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे जेल में नजरबंद रखने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा था। इस पर सरकार ने 9 अक्तूबर को डिटेंशन आदेश जारी किए।
एसपी निकिता खट्टर के निर्देश पर की गई कार्रवाई में आरोपी को पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट, 1988 की धारा 3(1) के तहत निरुद्ध किया गया है। आरोपी पहले से ही मादक पदार्थों से जुड़े एक मामले में केंद्रीय जेल हिसार में बंद था। पुलिस ने जेल में सरकार के आदेशों की नियमानुसार तामील करवा दी है।
एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस के साथ साझा करने की अपील की।