टोहाना। अंबाला से हिमाचल प्रदेश के अंब अंदौरा के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन 64563-64 का विस्तार हिसार तक होने के बावजूद इसका ठहराव टोहाना और जमालपुर शेखा में नहीं रखा गया है। इससे यात्रियों में मायूसी है।
क्षेत्र के कई लोगों ने केंद्र सरकार और रेलमंत्री को कई माध्यमों से मांगपत्र भेजकर इसका ठहराव टोहाना और जमालपुर में करने की मांग की है ताकि इसका लाभ अधिक लोगों को मिल सके।
लोगों ने राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा और विधायक परमवीर सिंह से भी रेलगाड़ी के ठहराव के लिए हरसंभव प्रयास करने का अनुरोध किया है।
शहर के रहने वाले प्रदीप धीमान, मन्नू, हरजीत सिंह और रमन ने कहा कि इस रेलगाड़ी का ठहराव टोहाना में भी होना चाहिए ताकि इसका लाभ स्थानीय रेलयात्रियों को भी मिल सके। टोहाना रेलवे स्टेशन पर रोजाना करीब एक लाख रुपये कीमत के यात्री टिकट बिकते हैं जिससे रेलवे को लाभ हो रहा है। कई मालगाड़ियां भी यहां से होकर रोजाना गुजरतीं हैं। उन्हाेंने कहा कि उकलाना, बरवाला और जाखल जैसे कई छोटे स्टेशनों पर ठहराव देने के बावजूद टोहाना जैसे बड़े स्टेशन को इसका लाभ न देना चिंताजनक है।