जाखल। शहर के वार्ड नंबर 13 में एक प्रत्याशी की शैक्षणिक योग्यता के आरोप को खारिज कर दिया गया है। मतदान से एक दिन पहले एसडीएम प्रतीक हुड्डा ने यह संशय समाप्त कर रविवार को इस वार्ड में भी मतदान कराने की घोषणा की है।
इस मामले में शिकायतकर्ता चेतन गुलाटी ने निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम प्रतीक हुड्डा को शिकायत दी थी। उन्होंने इस वार्ड से चुनाव लड़ने के लिए यशपाल गर्ग के कागजात को फर्जी बताया था, जिसके बावजूद कोई कार्यवाही न होने पर शिकायतकर्ता ने इस मामले में पंजाब एंड हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में याचिका लगाई थी।
इसके लिए कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को इस शिकायत पर तीन दिन में फैसला लेने के आदेश दिए थे। इसके लिए निर्वाचन अधिकारी प्रतीक हुड्डा ने चुनाव से एक दिन पहले ही इस मामले पर अपना फैसला सुनाते लगाए गए आरोप को खारिज कर दिया। एसडीएम प्रतीक हुड्डा ने शनिवार को पार्षद पद के दोनों उम्मीदवारों को बुलाकर यह फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि सभी कागजात ठीक पाए गए हैं और वार्ड 13 में चुनाव होगा।
शिकायतकर्ता चेतन ने बताया कि विपक्षी उम्मीदवार ने उर्दू भाषा का प्रमाणपत्र किस आधार पर लगाया है। उन्होंने अभी आदेश नहीं पढ़ा है। इस आदेश को पूरा पढ़ने के बाद ही वह कोई जवाब देंगे। वहीं, वार्ड नं 13 से पार्षद पद के उम्मीदवार यशपाल के भाई कृष्ण कुमार ने कहा कि वह पर्चे की वैधता के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त थे, क्योंकि शैक्षणिक योग्यता के तौर पर प्रस्तुत 10वीं कक्षा के समकक्ष अदीब कक्षा पास होने का असली प्रमाणपत्र मान्यता प्राप्त बोर्ड जामिया उर्दू बोर्ड अलीगढ़ से जारी किया गया है।