फतेहाबाद। फतेहाबाद जिला परिषद हाउस की 26 दिसंबर को हुई बैठक के बाद चेयरपर्सन ने 31 दिसंबर तक सभी पार्षदों से कामों के प्रस्ताव मांगे थे। जिला परिषद के 18 पार्षदों में से सिर्फ 11 पार्षदों ने करीब 150 कार्यों की सूची सौंपी है। करीब छह माह के बाद हुई बैठक बाद सात पार्षदों ने कामों को लेकर रुचि नहीं दिखाई।
बैठक के दौरान आठ पार्षदों ने चेयरपर्सन पर काम न करने के आरोप लगाकर हंगामा किया था। हंगामा करने वालों पार्षदों में से केवल वार्ड चार की पार्षद सीमा रानी ने ही कार्यों की सूची चेयरपर्सन को सौंपी है, अन्य ने कार्यों को लेकर कोई रुचि नहीं दिखाई
जिन 11 जिला पार्षदों ने कार्यों की सूची सौंपी हैं उनमें ज्यादातर काम गली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, स्कूलों के कमरे बनवाने के हैं। अब जिला परिषद की चेयरपर्सन सुमन खिचड़ इन प्रस्तावों पर विचार करेंगी। जिसके बाद कार्यकारी अधिकारी इन कामों को मंजूरी देंगे फिर जिला परिषद प्रशासन की ओर से इन कामों के एस्टीमेट बनाए जाएंगे। संवाद
-
इन पार्षदों ने सौंपे प्रस्ताव
जिला परिषद के 18 पार्षदों में से सिर्फ 11 पार्षदों ने ही अपने प्रस्ताव चेयरपर्सन सुमन खिचड़ को भेजे हैं। इनमें वार्ड नंबर 2, वार्ड नंबर 3, वार्ड नंबर 4, वार्ड नंबर 5, वार्ड नंबर 6, वार्ड नंबर 9, वार्ड नंबर 10, वार्ड नंबर 11, वार्ड नंबर 12, वार्ड नंबर 14 व वार्ड नंबर 16 के पार्षदों ने चेयरपर्सन को 31 दिसंबर तक अपने कामों के प्रस्ताव सौंपे थे। वहीं वार्ड नंबर 1, वार्ड नंबर 7, वार्ड नंबर 8, वार्ड नंबर 13, वार्ड नंबर 15, वार्ड नंबर 17 व वार्ड नंबर 18 के पार्षदों ने प्रस्ताव नहीं सौंपे।
गांवों में शहीद स्मारक बनाने का डाला प्रस्ताव
फतेहाबाद जिले के पांच गांवों में जिला परिषद की ओर से उन गांवों के सैनिकों को समर्पित शहीद स्मारक तैयार किए जा रहे हैं। जिले के पांच गांवों में इन शहीदी स्मारकों का काम चल रहा है। वहीं जिले के अन्य गांवों में भी ऐसे शहीद स्मारक बनाने के लिए प्रस्ताव रखा हुआ। जिला परिषद अब उन सैनिकों की जानकारी जुटा रही है जो देश की सेवा के दौरान शहीद हो गए थे।
गांवों की फिरनी पर स्ट्रीट लाइट लगाने के भी आए प्रस्ताव
जिला परिषद की ओर से जिले के कई बड़े गांवों की फिरनी पर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। जिसके बाद अब कुछ पार्षदों ने जिले के अन्य गांवों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव दिए हैं।
पहले 28 दिसंबर तक काम के प्रस्ताव मांगे गए थे, लेकिन काफी कम पार्षदों ने प्रस्ताव दिए जिसके बाद 31 दिसंबर तक सभी पार्षदों से कार्यों की सूची भेजने के लिए कहा था। 18 पार्षदों में से 11 पार्षदों ने कामों के प्रस्ताव दिए हैं। करीब 150 काम के प्रस्ताव आए हैं, अब सिर्फ इन कामों पर ही विचार किया जाएगा।
- सुमन खीचड़, चेयरपर्सन, जिला परिषद।