खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में रतिया मीटिंग करते हुए पंचायत समिति सदस्य
रतिया। चेयरमैन केवल मेहता की अध्यक्षता में सोमवार को खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें 22 में से केवल 8 सदस्यों ने भाग लिया। चेयरमैन केवल मेहता ने अविश्वास प्रस्ताव रद्द होने के बाद यह बैठक ली है।
बता दें कि मीटिंग का संचालन खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हनीश कुमार द्वारा किया गया। इस मीटिंग में पंचायत समिति के पेंडिंग पड़े विकास कार्यों पर चर्चा की गई साथ ही सदस्यों द्वारा अपने वार्डों में विकास कार्य करवाने के लिए मांग पत्र देने को कहा गया। उल्लेखनीय है कि पंचायत समिति चेयरमैन केवल मेहता को हटाने के लिए 22 में से 16 सदस्यों ने जिला प्रशासन को अविश्वास प्रस्ताव का ज्ञापन दिया था।
करीब 3 महीने की राजनीतिक उठा पटक के बाद विरोधी गुट के 16 में से कुछ सदस्य वापस केवल मेहता के गुट में चले गए तो उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका लगाकर खुद अविश्वास प्रस्ताव पर सुनवाई की मांग की थी। जिसके बाद विरोधी गुट पूरे सदस्य नहीं कर पाए और अविश्वास प्रस्ताव गिर गया। अविश्वास प्रस्ताव गिरने के बाद सोमवार को यह पहली बार मीटिंग आयोजित की गई थी जिसमें केवल मेहता के अलावा तारा सिंह, मनजीत, नवीन, अमन, कमलेश कौर, राजविंदर कौर, सर्वजिंदर कौर, पालो कौर ने भाग लिया।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हनीश कुमार ने कहा कि पंचायत समिति की मीटिंग में 9 सदस्य आने के बाद कोरम पूरा हो गया था और मीटिंग में विकास कार्य पर चर्चा की गई है। बैठक में सदस्यों से विकास कार्यों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। सदस्यों द्वारा दिए जाने वाले आवेदन का भौतिक सत्यापन पंचायती राज के उपमंडल अधिकारी द्वारा करवाया जाएगा। जो कार्य फिजिबल होंगे उनको मीटिंग में पास भी किया जाएगा और पास होने के बाद उन पर सरकार के निर्देशानुसार कार्य भी करवाए जाएंगे।