फतेहाबाद। जिले में गेहूं की बिजाई का समय शुरू हो गया है। किसानों को खाद के साथ-साथ अब बीज के लिए घंटों लाइनों में लगना पड़ रहा है। खाद ने पहले से ही किसानों को परेशान किया हुआ है, वहीं अब किसानों को बीज भी नहीं मिल पा रहा है।
बता दें कि शहर में गेहूं के बीज को लेकर लाइनें लगनी शुरू हो गई हैं। वहीं कृषि विभाग के पास डीएपी खाद नाममात्र है। पैक्स भी लगभग खाली है और निजी विक्रेताओं के पास भी नाममात्र ही है। क्योंकि जितना खाद पहुंच रहा है, उतना ही साथ के साथ उठ रहा है। सोमवार को इफको खाद केंद्र पर गेहूं के बीज को लेकर लंबी लाइन लगी। शहर के इफको खाद केंद्र पर गेहूं की विभिन्न किस्मों के बीज पहुंचे। जैसे ही किसानों को खाद केंद्र पर बीज पहुंचने की सूचना मिली, उसी समय किसानों की भीड़ केंद्र पर जमा होनी शुरू हो गई।
-
200 किसानों को मिला बीज
- सोमवार को शहर के इफको केंद्र पर 200 किसानों को गेहूं का बीज वितरित किया। केंद्र पर गेहूं की 222, 826, 1270, 303 व 187 नंबर किस्म पहुंची। बीज लेने पहुंचे किसान मनदीप कुमार, सुखविंद्र, रमेश, सज्जन सिंह आदि ने बताया कि गेहूं की बिजाई का समय शुरु हो गया है, कृषि विभाग के पास ना तो खाद और ना ही बीज उपलब्ध है। किसानों को हर फसल के समय खाद व बीज की जरूरत होती है, लेकिन विभाग कोई भी तैयारी नहीं करता। हर बार किसानों को खाद व बीज के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता है। उसके बाद भी खाद व बीज की पूरी मात्रा नहीं मिलती। किसान को अगर 50 बैग गेहूं के बीज के चाहिए तो उसे सिर्फ 10 बैग ही मिल रहे है।
-
केंद्र पर गेहूं का बीज उपलब्ध है। 5 प्रकार की किस्मों के बीज किसानों को दिए जा रहे हैं। सोमवार को किसानों की संख्या ज्यादा होने के कारण एक किसान को 10 बैग से ज्यादा बीज नहीं दिया गया। कुल 1200 से अधिक बैग किसानों को दिए गए हैं। किसान बीज को लेकर चिंतित ना हो केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में बीज है।
- दलीप कुमार, डिप्टी मैनेजर, इफको केंद्र, फतेहाबाद।