गांव मेहूवाला में छाई धुंध के दौरान खड़े ग्रामीण।
फतेहाबाद। जिले के मौसम में सप्ताहभर बाद बदलाव आया है। इस कारण मंगलवार की सुबह धुंध छाई रही। इससे दृश्यता 30 मीटर तक दर्ज की गई। धुंध के दौरान वाहन चालकों ने गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर सफर तय किया। हालांकि, सुबह 11 बजे के बाद धूप खिलने के बाद लोगों को धुंध और ठंड से कुछ राहत मिली लेकिन छह किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवा से सुबह और शाम के समय ठिठुरन रही। इससे लोगों की कंपकंपी छूट गई। इससे मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे जिले के अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मंगलवार सुबह 11 बजे के बाद मौसम साफ रहने और धूप खिलने से लोग को राहत मिली। इसके लिए लोग घरों की छतों और पार्कों में बैठकर धूप सेंकते नजर आए। इस दौरान मंगलवार को बाजारों में रौनक भी रही। इससे दुकानदार काफी खुश नजर आए। इसके लिए शहर के दुकानदार रमेश, दिनेश, अशोक, ललित और अमित आदि ने बताया कि धूप खिलने के बाद लोगों ने जमकर खरीदारी की।
फसलों को मिली संजीवनी
बारिश होने से फसलों को लाभ मिला है। इससे अब गेहूं और सरसों की फसल लहलहाने लगी है। बारिश के कारण जिले में धुंध छाने लगी है। इससे फसलों में सिंचाई की पूर्ति हाेगी और पाला नहीं जमेगा जिससे फसलों को फायदा होगा और उपज में बढ़ोतरी होगी। बारिश के बाद खिली धूप को देखते हुए किसानों ने फसलों में यूरिया का छिड़काव शुरू कर दिया है क्याेंकि इस बारिश के बाद अगले करीब 10 दिनाें तक फसलों को सिंचाई की जरूरत नहीं होगी। -
डॉ. बहादुर सिंह गोदारा, सहायक कृषि अधिकारी, भट्टू कलां।
क्षेत्र में 19 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। लगातार दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवाओं में बदलाव हुआ है। इस दौरान कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहेंगे। अलसुबह धुंध भी संभावित है। 15 और 18 जनवरी को कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने के आसार हैं, लेकिन इसके बाद आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा। हल्की गति से उत्तरी, उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण 21 जनवरी से फिर से बारिश के आसार बन रहे हैं। -
डॉ. मदनलाल खिचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।