फतेहाबाद। चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय भोड़िया खेड़ा में शुक्रवार को स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नागरिक अस्पताल की चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीत कौर ने छात्राओं को त्वचा की देखभाल के टिप्स दिए।
कार्यक्रम का आयोजन अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से अपराजिता कार्यक्रम के तहत किया गया। इसमें विशिष्ट अतिथि प्राचार्य डॉ. लखबीर कौर ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति गंभीर रहने और चिकित्सक की सलाह से ही दवा लेने के बारे में बताया। शिविर में छात्राओं ने विशेषज्ञ से त्वचा संबंधित परामर्श भी लिया।
डॉ. प्रीत कौर ने कहा कि त्वचा हमारे शरीर का सबसे मुख्य भाग लेकिन हम इसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। त्वचा को सुंदर रखने के लिए ऑनलाइन प्रोडक्ट मंगवा लेते हैं और इनका प्रयोग करते है लेकिन ये काफी खतरनाक है। हर व्यक्ति की त्वचा अलग-अलग होती है इसलिए डॉक्टर की परामर्श से ही किसी भी दवा या क्रीम का इस्तेमाल करना चाहिए। कार्यक्रम में छात्राओं के अलावा एनएसएस प्रभारी सरोज, कविता, सहायक प्रभारी सुमन और भतेरी मौजूद रहे।
-
नींद पूरी न होने पर आंखों के नीचे बन जाते हैं घेरे
डॉ. प्रीत कौर ने कहा कि मोबाइल फोन का ज्यादा उपयोग करने से नींद पूरी नहीं ले पा रहे हैं। इसका त्वचा पर भी असर पड़ रहा है। स्क्रीन से जो ब्लू रोशनी निकलती है उसका त्वचा और आंखों पर असर पड़ता है। इसके चलते आंखों पर काले घेरे बन जाते हैं। ओपीडी में इस तरह के मरीज रोजाना आ रहे हैं।
-
पौष्टिक आहार जरूरी, प्रोटीन जरूर लें
फास्ट फूड खाने के कारण कई तरह की बीमारियां हो रही हैं। इनका प्रभाव त्वचा और बालों संबंधित रोग भी हो रहे हैं इसलिए प्रोटीन डाइट जरूर लें। प्रोटीन में मूंगफली, बादाम, पनीर आदि लें और हरी सब्जियों का सेवन करें। यही नहीं विटामिन ए, सी और ई जरूर लें। ये सब फलों में होता है। इसलिए रोजाना फल खाने की आदत डालें। दिन में ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं। व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
-
चिकित्सक सलाह से ही करें सन क्रीम का इस्तेमाल
सनक्रीम को लेकर लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। इसका इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए। किसी की स्किन ड्राई और किसी की त्वचा तैलीय होती है। ऐसे में उसी हिसाब से क्रीम का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
-
यौन संचारित संक्रमण के लक्षण हल्के में न लें
कौर ने कहा कि यौन संचारित संक्रमण के लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। ये काफी गंभीर हो सकते हैं और शरीर के विभिन्न हिस्सों को प्रभावित कर सकते हैं। संक्रमण के बाद लक्षण दिखने में महीने या साल भी लग सकते हैं। अगर माहवारी के दौरान कोई भी दिक्कत है तो चिकित्सक से परामर्श जरूर लें, क्योंकि बाद में ये गंभीर समस्या बन जाती है और प्रेगनेंसी में भी दिक्कत आती है।
-
कार्यक्रम में छात्राओं को त्वचा स्वस्थ रखने की जानकारी मिली है। जो कि काफी महत्वपूर्ण है। त्वचा को लेकर हम लोग गंभीर नहीं होते हैं और जब स्थिति गंभीर हो जाती है तो चिकित्सक के पास उपचार के लिए पहुंचते हैं, इसलिए जागरूकता जरूरी है।
- कविता, एनएसएस प्रभारी
-
कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से जागरूकता और परामर्श शिविर का आयोजन किया गया जो कि सराहनीय पहल है। छात्राओं ने महाविद्यालय में ही त्वचा संबंधित परामर्श लिया है। ऐसे उपयोगी शिविर से भविष्य में काफी मदद मिलेगी।
-सरोज, एनएसएस प्रभारी
-
चर्म रोग विशेषज्ञ ने बहुत अच्छी जानकारी दी है कि हम कैसे त्वचा को स्वस्थ रख सकते हैं। शिविर में सबसे अच्छी बात ये लगी कि सनक्रीम को लेकर हमें गंभीरता बरतनी चाहिए। कई बार ये त्वचा को फायदे की जगह नुकसान पहुंचा देती हैं।
- ममता रानी, छात्रा
-
अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में त्वचा को स्वस्थ रखने की विशेषज्ञ द्वारा अच्छी जानकारी दी गई है। जानकारी के अभाव में बाल और त्वचा संबंधित रोग होते हैं। ऐसे शिविर होते रहने चाहिए।
- कविता रानी, छात्रा
-
चर्म रोग विशेषज्ञ ने बताया कि पौष्टिक आहार लेकर और भरपूर पानी पीकर भी त्वचा को स्वस्थ रख सकते हैं। ऐसी जानकारी स्वास्थ्य के लिए काफी अच्छी हैं। ऐसे कार्यक्रम में भाग लेना चाहिए। यहां पर काफी लाभप्रद जानकारी मिली है।
- परविंद्र, छात्रा
-
अक्सर लोग विज्ञापन देखकर ऑनलाइन प्रोडक्ट मंगवा लेते हैं और इसका इस्तेमाल त्वचा पर करते है जो कि काफी हानिकारक साबित हो सकते हैं। विशेषज्ञ ने बताया कि हर व्यक्ति की त्वचा अलग-अलग होती है। उसी के अनुरूप ही प्रोडक्ट का उपयोग करें।
- रवीना, छात्रा