ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सदर थाना प्रभारी व नशा मुक्ति टीम इंचार्ज,स्त्रोत पुलिस विभाग
रतिया। गांव ब्राह्मण वाला में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता सदर थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने की उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा भी एक मानसिक बीमारी है और इसका इलाज संभव है, इसलिए अगर किसी के घर में यह बीमारी आ जाए तो पीड़ित का इलाज करवाना चाहिए।
थाना प्रभारी राजवीर ने कहा कि ग्रामीण नशा सप्लायरों की सूचना भी पुलिस को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 90508- 91508 भी इस्तेमाल कर सकते हैं, यहां सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। इस दौरान नशा मुक्ति टीम इंचार्ज उप निरीक्षक सुंदर मुसाफिर ने लोगों को समझाया कि नशे से मुक्त होने के लिए रतिया व टोहाना, फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भी नशा मुक्ति केंद्र कार्यरत हैं। इसके अलावा आप इसके लिए हमारी नशामुक्ति टीम से भी संपर्क कर सकते हैं जो आपकी हर संभव सहायता करेगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ब्राह्मणवाला में नशा पीड़ितों के परिजन उनके इलाज के लिए आगे आएं तो उच्चाधिकारियों के आदेश पर जल्द ही गांव में नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें पीड़ितों की रक्त की सैंपलिंग व काउंसिलिंग के बाद एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दवाओं से इलाज किया जाएगा।
शिविर के समापन के उपरांत नशामुक्ति टीम ने वहां मौजूद स्वेच्छा से आगे आए दो नशा पीड़ितों की काउंसिलिंग करके उन्हें इलाज करवाने के बारे में प्रेरित किया। शिविर में दिलबाग सिंह, सरपंच प्रतिनिधि जीवन सिंह, दर्शन सिंह बिल्ला, सरपंच प्रतिनिधि, अमनदीप सिंह कमेटी उपप्रधान, पप्पू सिंह, सतपाल मैंबर पंचायत, स्टाफ नर्स रानी कौर व ग्रामीण उपस्थित रहे।