फतेहाबाद के गांव ढांड के सरकारी स्कूल में बारहवीं कक्षा में पढऩे वाली दो बहनें नहर में कूद गई। स्कूल में बुधवार को शिक्षिका ने टैबलेट को मिसयूज के शक में लेकर मुख्याध्यापक को दे दिया था और परिजनों को बुलाकर लाने के लिए कहा था। इससे घबराई छात्राएं नहर में कूद गई। गांव जोधकां के पास एक शव बरामद हुआ है।
वहीं, घटनाक्रम के बाद गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है। मामले के मुताबिक गांव ढांड निवासी 19 वर्षीय कविता और 17 वर्षीय पूनम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढांड में बारहवीं कक्षा में पढ़ रही थी। बताया जा रहा है कि बुधवार को शिक्षिका ने टैबलेट के गलत प्रयोग के शक में ले लिया और मुख्याध्यापक को दे दिया। दोनों बहनों को परिजनों को बुलाकर लाने के लिए कहा गया था।
इसके बाद दोनों बहनें घर पहुंची और कपड़े बदलने के बाद घास लेने के लिए चली गई। शाम तक दोनों बहने घर नहीं पहुंची तो तलाश शुरू की गई। गांव ढांड में ही फतेहाबाद ब्रांच के पास दरांती और पल्ली मिली। जिससे आशंका जताई गई कि दोनों बहनों ने नहर में छलांग लगाई है। घटना के बाद मामले की सूचना सदर पुलिस को दी गई। सदर थाना प्रभारी यादविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। बताया जा रहा है कि मामले में पुलिस को सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
जांच अधिकारी के अनुसार
गांव ढांड के पास दो लड़कियां नहर में कूद गई थी। एक का शव बरामद हो गया है। सुसाइड नोट मिला है। परिजनों के ब्यान पर कार्रवाई की जा रही है। मामले की फिलहाल जांच जारी है।
-यादविंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी।