भूना। सब्जी मंडी के मुख्य द्वार के पास एक दुकानदार द्वारा शुरू किए गए निर्माण कार्य पर नगर पालिका ने तुरंत संज्ञान लिया। मौके का निरीक्षण कर नगर पालिका सचिव दीपक कुमार ने संबंधित दुकानदार को कार्यालय में तलब किया और निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर दुकान का निर्माण किया जा रहा था, वह नगर पालिका की खाली जमीन है। स्थानीय लोगों और पार्षदों ने अवैध कब्जे की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव दीपक कुमार ने दुकानदार से नक्शा, स्वीकृति पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे। दस्तावेजों की जांच के दौरान कई बिंदुओं पर स्पष्टता न होने पर सचिव ने निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद दुकानदार ने नगर पालिका को लिखित में आश्वासन दिया कि वे सार्वजनिक जमीन पर कब्जा नहीं करेंगे और पुराने शौचालय की दिशा में कोई गेट या सीढ़ी नहीं बनाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि नियमों के अनुसार ही किसी भी तरह का निर्माण करेंगे। नगर पालिका सचिव दीपक कुमार ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सरकारी भूमि पर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि किसी भी निर्माण या अतिक्रमण की सूचना तुरंत नगर पालिका को दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।