टोहाना। शहर पुलिस ने मेडिकल एनक्लेव स्थित अधिवक्ता उज्जवल गुरदित्ता के मकान से चोरी के आरोपी को काबू किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी बरामद करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रतिया रोड पर ग्रीन पार्क निवासी कमल के रूप में हुई है।
जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि 23 जून को अधिवक्ता उज्जवल गुरदिता ने पुलिस को शिकायत दी कि वह मेडिकल एनक्लेव स्थित हरि लक्ष्मी नारायण मंदिर के नजदीक मकान बना रहा है। दिन के समय दो पानी वाली मोटर को चोर चुराकर ले गए थे। पुलिस ने तुरंत शिकायत पर आरोपी के खिलाफ चोरी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच अधिकारी श्रवण के नेतृत्व में टीम गठित कर अज्ञात चोर के खिलाफ साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी कमल को काबू किया है।