फतेहाबाद। पेंसिल पैकिंग के नाम पर ठगी के एक मामले में पुलिस ने एक युवक को अलवर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश कुमार निवासी अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपी पर भूना निवासी एक युवक से पेंसिल पैकिंग का झांसा देकर हजारों रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से 13,500 की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
साइबर थाना फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को 7 मई को भूना निवासी रोहित कुमार की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह भूना में महालक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के नाम से काम करता है। 24 अप्रैल को उसने यूट्यूब पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें नटराज पेंसिल की पैकिंग का काम दिए जाने की बात कही गई थी। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर कॉल करने पर आरोपी ने उससे कहा कि काम शुरू करने के लिए 650 की एंट्री फीस देनी होगी। आरोपी ने उसे एक क्यूआर कोड भेजा, जिसे स्कैन कर शिकायतकर्ता ने भुगतान कर दिया।
इसके बाद आरोपी ने पास बनाने के नाम पर 4,150 रुपये और सामान खरीदने के नाम पर 7,560 रुपये, 9,500 रुपये, 12,500 रुपये, 19,999 रुपये सहित अन्य किस्तों में कुल 67,859 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब शिकायतकर्ता ने सामान के बारे में पूछा, तो आरोपी ने कोरियर शुल्क के नाम पर 15,000 रुपये और मांगे। जब शिकायतकर्ता ने यह राशि देने से इंकार कर दिया, तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपी को काबू करके जांच शुरू की है।