फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में जांच करती हुई एसीबी टीम संवाद
फतेहाबाद। नगर परिषद कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर हिमांशु के 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के मामले में सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आगे की जांच शुरू कर दी है। सोमवार शाम को एसीबी टीम नगर परिषद कार्यालय में पहुंची। टीम ने यहां घटनास्थल का नक्शा तैयार किया।
टीम ने घटनास्थल पर जांचा कि शिकायतकर्ता और आरोपी कहां खड़े थे, आपस में दूरी कितनी थी। कार्यालय में घटनास्थल पर कौन-कौन मौजूद था और उनकी दूरी कितनी थी।
टीम के पहुंचने के बाद नगर परिषद कर्मचारियों में खलबली रही। वहीं तकनीकी शाखा के कई अधिकारी और कर्मचारी छुट्टी पर रहे। रिमांड के दौरान पूछताछ में कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और जेई का नाम सामने आ चुका है। इसके अलावा तीन अन्य नाम भी आरोपी हिमांशु ने एसीबी के सामने स्वीकारे हैं। आरोपी ने पूछताछ में टीम को बताया कि किस तरह से कमीशन की राशि बांटी जानी थी। एसीबी अब संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करके जांच में शामिल करेगी।
बता दें कि एसीबी सिरसा की टीम ने कंप्यूटर ऑपरेटर हिमांशु को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। मामले में ठेकेदार सत्यनारायण ने शिकायत दी थी और कहा था कि शौचालय के निर्माण का बिल पास करने की एवज में कमीशन मांगा जा रहा है। मामले में टीम ने कंप्यूटर ऑपरेटर हिमांशु को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था और कोर्ट में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया था।
-
एमई-जेई के मोबाइल फोन बंद
नगर परिषद कार्यालय में जिन अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं, उन्होंने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए है। कड़ी से कड़ी को जोड़ने के लिए एसीबी संबंधित अधिकारियों और अन्य लोगों को शामिल कर सकती है। वहीं टीम मोबाइल फोन पर हुई चैट और कॉल डिटेल को भी खंगालने में जुटी है।