फतेहाबाद। नवजात का आधार कार्ड बनवाने के लिए अभिभावकों को अब इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। प्रशासन जल्द ही नागरिक अस्पताल में आधार केंद्र शुरू करने जा रहा है। इस केंद्र पर नवजात के आधार कार्ड बनेंगे और अपडेट भी हो पाएंगे।
सीएससी यानी कॉमन सर्विस सेंटर के तहत ये आधार सेंटर शुरू होगा। मंगलवार को नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. बुधराम ने डॉ. गुंजन बंसल और डॉ. राशिद के साथ निरीक्षण किया और आधार सेंटर के लिए कमरा नंबर 108 में जगह तय की गई। अस्पताल प्रशासन ने जगह का चयन करके एडीसी कार्यालय को रिपोर्ट भेजी है। यहां से मंजूरी मिलने के बाद नागरिक अस्पताल में आधार सेंटर शुरू हो जाएगा।
-
6 माह बाद शिशुओं के आधार बनने हुए शुरू
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानि यूआईडीएआई के पोर्टल में अपडेशन के कारण पिछले साल सितंबर माह में नवजात शिशुओं के आधार कार्ड बनने बंद हो गए थे। करीब 6 माह से आधार कार्ड बनने बंद रहे। अब करीब 15 दिन पहले शिशुओं के आधार कार्ड बनने शुरू हुए हैं। आधार कार्ड न बनने से लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा था। जिससे उनका परिवार पहचान पत्र में भी नाम दर्ज नहीं हो पा रहा था।
-
नागरिक अस्पताल में आधार कार्ड केंद्र बनाने के लिए प्रशासन ने जगह मांगी थी, जगह तय कर ली गई है। कमरा नंबर 108 में आधार सेंटर के लिए जगह तय की गई है। प्रशासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
- डॉ. बुधराम, एसमएओ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।
-
नागरिक अस्पताल में सीएससी के तहत आधार सेंटर खोला जाना है। इससे नवजात के आधार कार्ड बनाने को लेकर परेशानी नहीं होगी। जल्द ही केंद्र शुरू कर दिया जाएगा।
- शिल्पा नारंग, जिला प्रबंधक, सीएससी, फतेहाबाद।