भट्टू कलां। क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ही घटनाएं बुधवार को घटित हुईं। पहली घटना में गांव मेहूवाला निवासी 30 वर्षीय योगेश की मौत हो गई।
सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई योगेश बुधवार रात बाइक पर सवार होकर फतेहाबाद से भट्टूकलां की ओर जा रहा था। रास्ते में गांव ढिंगसरा के समीप उसकी बाइक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल योगेश को तुरंत फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। योगेश ने दो दिन पहले ही एचडीएफसी बैंक में फील्ड स्टाफ के पद पर ज्वाइनिंग दी थी।
वहीं, गांव ढ़ाबीकलां निवासी गुलजारी (70) की मौत हो गई। गुलजारी बुधवार को गांव के बस स्टैंड के समीप पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। गुलजारी को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया, जहां देर रात उनकी माैत हो गई। संवाद