फतेहाबाद। उम्र छिपाकर नाबालिग की शादी का मामला प्रकाश में आया। इसका खुलासा नागरिक अस्पताल में 16 वर्षीय विवाहिता के नवजात शिशु के जन्म देने के बाद हुआ।
नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. राजेश चौधरी ने बताया कि प्रसूता के आधार कार्ड में जन्मतिथि पांच जनवरी 2006 है और प्रसूता नाबालिग है। इसलिए पुलिस को सूचित कर दिया है। जबकि परिवार ने उम्र 19 साल बताई थी। बताया जा रहा है कि प्रसूता की एक वर्ष पहले टोहाना के एक गांव निवासी प्रवासी मजदूर से शादी हुई थी। प्रवासी मजदूर एक पॉल्ट्री फार्म पर काम करता है। आधार कार्ड के मुताबिक शादी के वक्त युवती की उम्र 15 वर्ष ही थी, लेकिन प्रशासन को इसकी भनक नहीं लगी। 16 वर्ष की उम्र में किशोरी को यह पीड़ा झेलनी पड़ी है। फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। हालांकि इस मामले में परिजनों का कहना है कि युवती 19 साल की ही है और आधार कार्ड में गलती हुई है।
कोट
मेरे संज्ञान में ये मामला नहीं है। इस बारे में जानकारी जुटाई है। ये भी जांच की जाएगी कि नाबालिग की शादी हुई है या फिर उसके साथ जबरदस्ती की गई है। फिलहाल मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रेखा अग्रवाल, जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी