फतेहाबाद। शहर की अलग-अलग कॉलोनियों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी चोर सिरसा के गांव भावदीन निवासी हरविंद्र सिंह उर्फ काका को मिनी बाईपास के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान चोरी की 10 घटनाएं कबूली हैं।
आरोपी सिरसा में भी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है और अब वहां की पुलिस की निगाहों से बचने के लिए अपने साथी के साथ मिलकर फतेहाबाद शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देने लगा। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे के लिए दिन में रेकी करता और फिर घर के बाहर ताला लगा देख वारदात को अंजाम देता था। मामले के मुताबिक बस अड्डा चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि 2 जून 2024 को सुरेंद्र कुमार ने घर में हुई चोरी को लेकर शिकायत दी। जिसके बाद टीम ने मामला दर्ज कर सुराग जुटाते हुए आरोपी को नजदीक मिनी बाईपास नई अनाजमंडी फतेहाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ के दौरान 10 वारदात कबूली हैं, इसको लेकर शहर थाना में 8 मामले दर्ज हैं।
दो मामले ऐसे जहां पर चोरी की दो-दो वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने सोमवार को आरोपी चोर को कोर्ट में पेश किया और यहां से दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान चोरी हुआ सामान बरामद करना है, आरोपी के साथ की तलाश जारी है।
- चोरी की ये वारदातें कबूली
- शहर के ऑफिसर कॉलोनी में 9 मई को एक घर में चोरी की थी। इसको लेकर थाना शहर फतेहाबाद में 15 मई को मामला दर्ज है।
- शहर के ऑफिसर कॉलोनी 31 मई को एक घर का ताला तोड़कर जेवर एवं नकदी चोरी की थी। इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में 8 जून 2024 को मामला दर्ज है।
- शहर के प्रोफेसर कॉलोनी में 21 जून को दिन के समय एक घर का ताला तोड़कर उसमें से नकदी, सोना के जेवर चोरी किए थे। थाना शहर फतेहाबाद में 22 जून को मामला दर्ज है।
- शहर के अग्रवाल कॉलोनी फतेहाबाद में 14 जून को एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। मामले में 14 जून को मामला दर्ज है।
- शहर के योग नगर फतेहाबाद में 23 जून को एक घर ताला तोड़कर उसमें से नकदी व सोना के जेवर चोरी किए थे। थाना शहर फतेहाबाद में 24 जून को मामला दर्ज है।
- शहर के डीसी कॉलोनी फतेहाबाद में 21 जून को दो मकानों के ताले तोड़कर नकदी एवं जेवर चोरी किए। मामले में 21 जून को मामला दर्ज है।
- शहर के चौधरी कॉलोनी में 11 जुलाई की रात्रि को एक घर का ताले तोड़कर उसमें से सोना के आभूषण चोरी किए थे। मामले में 12 जुलाई को मामला दर्ज है।
- शहर के ऑफिसर कॉलोनी में 2 जून को दो घरों में दिन के समय ताले तोड़कर नकदी व सोना के जेवर चोरी किए थे। मामले में 2 जून को मामला दर्ज है।
कोट
आरोपी को कोर्ट में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान चोरी किया गया सामान बरामद करना है। आरोपी नशेड़ी किस्म का है और इसी को लेकर वारदातों को अंजाम दे रहा था।
-संजय कुमार, प्रभारी, बस स्टैंड चौकी