भूना। कुलां रोड पर शुगर मिल के पास रविवार शाम धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कई घायल सामान्य चोट होने के कारण अपने घर लौट गए।
घायलों में रोशनी (65), सहीना (13), मौसम (6), ज्योति (8), प्रियंका (32), पूजा (15), राजेश कुमार (45), रामबाई (30), सुमित्रा (60), पूनम (37), खुशी (17) और सुमन (30) शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
हिसार के गांव नंगथला के श्रद्धालु कुलां में आयोजित साप्ताहिक धार्मिक कार्यक्रम समारोह में शामिल होकर लोडिंग गाड़ी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुलां रोड पर शुगर मिल के नजदीक सड़क पर आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से संतुलन खो दिया। तेज रफ्तार गाड़ी सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सीएचसी पहुंचाया। एसएचओ ओमप्रकाश ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।