फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का निरीक्षण करने के लिए वीरवार को नेशनल हेल्थ मिशन की टीम आ रही है। आठ सदस्यीय टीम पहले सिरसा पहुंचेगी और इसके बाद फतेहाबाद आएगी। टीम के आने की सूचना के बाद अधिकारियों व कर्मचारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
टीम में उप निदेशक डॉ. सुरेश भौंसले, उप निदेशक शालू गर्ग, डॉ. यादविंद्र सिंह, डॉ. अभिषेक, सलाहकार अश्वनी, एमईओ सुनील, आरटी अरविंद, दिप्ती कांत, रजत पीएमयू शामिल है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अलग-अलग कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी व कर्मचारी बुधवार को रिकॉर्ड पूरा करने में जुटे रहे। एनएचएम टीम का मुख्य फोकस जच्चा-बच्चा के उपचार, टीकाकरण, निरोगी हरियाणा अभियान, टीबी कार्यक्रम, फाइनेंस, फैमिली प्लानिंग, नशा मुक्ति केंद्र में सुविधाओं, एनसीडी क्लीनिक पर रहेगा। टीम यहां मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का निरीक्षण करेंगी। इसके अलावा रिकॉर्ड भी जांचा जाएगा।
परिवार नियोजन अभियान की लापरवाही दिखा रहे स्पेशल कॉर्नर
परिवार नियोजन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लाखों रुपये का बजट जारी किया जा रहा है। इसको लेकर अस्पताल में स्पेशल कॉर्नर भी बनाए गए है। जिसमें फैमिली प्लानिंग के लिए प्रयोग होने वाले दवाइयां व कंडोम रखे जाने है। लेकिन नागरिक अस्पताल में कॉर्नर को खाली रखा हुआ है। जांच में सामने आया कि सेल्फ केयर किट नहीं रखी गई है।
सीएमओ ने ली बैठक
एनएचएम टीम को लेकर सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र भादू ने एसएमओ, पीएचसी, सीएचसी इंचार्ज व मेडिकल ऑफिसर की बैठक ली। बैठक में अलग-अलग प्रोग्राम को लेकर समीक्षा की गई। अधिकारियों को रिकॉर्ड पूरा करवाने के निर्देश दिए।
पहले रद्द हो गया था कार्यक्रम
एनएचएम की टीम ने 10 दिन पहले निरीक्षण के लिए आना था। सिरसा और फतेहाबाद में एक साथ निरीक्षण होना है। इसको लेकर दो-दो टीमें बनाई गई है। जिसमें स्वास्थ्य विभाग के उप निदेशक से लेकर अन्य विभागों के एचओडी भी शामिल हैं। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के निधन के चलते निरीक्षण रद्द कर दिया गया था।
स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण करने के लिए एनएचएम टीम वीरवार को आ रही है। टीम यहां दो दिन तक निरीक्षण करेगी। - डॉ. भरत सहारण, उप सिविल सर्जन