रतिया में दुकान के बाहर कार की चपेट में आई मोटरसाइकिल
रतिया। बस स्टैंड के पास स्थित पालिका मार्केट में शुक्रवार शाम को अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर कई बाइकों को रौंद दिया और एक दुकान में घुस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक युवक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। मार्केट में प्रवेश करते ही कार ने दुकानों के बाहर खड़ी कई बाइक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। दुकानदार प्रदीप, सुरेश, कौशल, लवली और राजीव ने कहा कि गनीमत रही कि कोई पैदल यात्री कार की चपेट में नहीं आया, अन्यथा जनहानि हो सकती थी।
टक्कर की आवाज सुनते ही मार्केट में लोग जमा हो गए। गुस्साए कुछ लोगों ने चालक को पकड़कर धुनाई शुरू कर दी, लेकिन मौके पर मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों ने बीच-बचाव किया। स्थिति बिगड़ने पर दुकानदारों ने चालक को एक दुकान में सुरक्षित रखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ से सुरक्षित निकालकर चालक को शहर थाना ले गई। शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।