संवाद न्यूज एजेंसी
रतिया। शहर थाने के बाहर रविवार रात को वार्ड नंबर 4 व 5 के लोगों ने जमकर हंगामा किया। पिछले कई दिनों से वार्ड नंबर 5 की गलियों में कुछ दिन से किसी व्यक्ति के नग्न अवस्था में घूमने का मामला सामने आया था। इसकी सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। रविवार रात को एक व्यक्ति को पकड़ कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने आराेपी को सामने लाने की बात कही। उनका कहना था पुलिस आरोपी को बदल सकती है।
वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि हैप्पी सिंह भी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने के बाद लोगों को शांत किया और घर भेजा। सोमवार को फिर से वार्डवासी थाने जाकर एसएचओ से मिले। वार्ड नंबर पांच के पार्षद प्रतिनिधि हैप्पी सिंह ने बताया कि उनके वार्ड में पिछले कुछ दिनों से किसी व्यक्ति के नग्न घूमने का मामला सामने आया था। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ। इसके बाद कुछ महिलाओं ने थाने में शिकायत भी दी थी। रविवार रात को करीब 55 साल का एक आदमी लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। हालांकि, उस आदमी का कहना है कि वह दुकान पर सामान लेने आया था। सीसीटीवी फुटेज में नजर आए युवक और पकड़े गए आदमी के हुलिए और कद-काठी में काफी फर्क नजर आ रहा है।
जांच अधिकारी रणजीत सिंह ने कहा कि मोहल्ला वासियों ने एक व्यक्ति को पुलिस को सौंपा था। इससे पूछताछ की जा रही है। कस्टडी में लिए गए किसी भी व्यक्ति को भीड़ के सामने नहीं लाया जा सकता अगर 5-10 लोग देखना चाहें तो वह कस्टडी में लिए आरोपी को दिखा सकते हैं। इसके बाद एसएचओ और वार्ड पार्षद के समझाने के बाद रविवार रात 10.30 बजे के बाद वार्डवासी वापस लौट गए। जांच अधिकारी ने बताया कि मोहल्ला वासियों ने एक व्यक्ति को पुलिस को सौंपा था। इससे पूछताछ की जा रही है।