भट्टूकलां। गांव बनगांव में अनुसूचित जाति की चौपाल को लाइब्रेरी में बदलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भट्टू थाना पुलिस ने आंबेडकर सभा के पूर्व प्रधान भोला राम की शिकायत पर ग्राम सरपंच सुमन देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
भोला राम का आरोप है कि सरकारी ग्रांट से बनी एससी चौपाल को पंचायत ने अवैध रूप से शहीद भगत सिंह लाइब्रेरी में बदल दिया है। चौपाल के बाहर लगाए गए उद्घाटन पट्टिका पर डीडीपीओ अनूप सिंह, बीडीपीओ अनिल कुमार व सरपंच सुमन देवी के नाम अंकित हैं, जबकि ऐसा कोई उद्घाटन समारोह हुआ ही नहीं।
शिकायतकर्ता ने इस पट्टिका को हटाने, हरिजन चौपाल को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भोला राम का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है।