फतेहाबाद। फेसबुक आईडी से पाकिस्तान के पक्ष में पोस्ट शेयर करने और प्रधानमंत्री से संबंधित वीडियो को एडिट कर वायरल करने के मामले में पुलिस ने मुस्ताक अहमद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मुस्ताक के खिलाफ बीएनएस की धारा 197 (1) डी के तहत मामला दर्ज किया गया है जिसमें मौखिक, लिखित व वीडियो के माध्यम से झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाने और भारत की संप्रभुता, एकता, अखंडता व सुरक्षा को खतरा पैदा करने की धाराएं लगाई गई हैं।
भाजपा व विश्व हिंदू परिषद के दो दर्जन कार्यकर्ता बुधवार की रात शहर थाना फतेहाबाद में पहुंचे थे। यहां भाजपा नेता जगदीश शर्मा, विकास शर्मा और परमजीत बेनीवाल की ओर से मुस्ताक के खिलाफ शिकायत देकर पाकिस्तान का समर्थन करने और प्रधानमंत्री के खिलाफ दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया गया था।
इधर, बुधवार शाम को शहर थाना पुलिस की पूछताछ के बाद जैसे ही मुस्ताक घर पहुंचा, उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मुस्ताक से दोबारा पूछताछ की जाएगी।
फेसबुक आईडी से की थी कई विवादित पोस्ट शेयर
फतेहाबाद में ताज मोहम्मद के नाम से हड्डी रोग व जोड़ रोग विशेषज्ञ की दुकान चलाने वाले मुस्ताक के द्वारा अपनी फेसबुक आईडी पर कई ऐसी पोस्ट शेयर की गई थी जो पाकिस्तान के समर्थन में थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की वीडियो एडिट करके डाला गया था। इन फेसबुक पोस्ट के माध्यम से पाकिस्तान को ऊंचा दिखाने और भारत को नीचा दिखाने की कोशिश की गई थी।
-
फेसबुक से मांगा पुलिस ने रिकॉर्ड
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने फेसबुक से मुस्ताक की ओर से शेयर किए गए पोस्ट का रिकार्ड मांगा है। प्राथमिक तौर पर ये बात सामने आई है कि पुलिस के संज्ञान में मामला आने के बाद कुछ फेसबुक पोस्ट डिलीट भी किए गए हैं। अब फेसबुक के द्वारा पूरा डाटा मिलने के बाद डाली गई फेसबुक पोस्ट को लेकर और भी कई महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस के हाथ लग सकती है।
-
फेसबुक पर गलत पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई की जा रही है।
सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।