फतेहाबाद। गांव हिजरावां कलां निवासी होमगार्ड के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते होमगार्ड पर लाठी डंडो से हमला किया गया। जिसके बाद पुलिस ने होमगार्ड की शिकायत पर गांव के दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि ड्यूटी पर जाते समय होमगार्ड पर हमला किया गया। पुलिस को दिए बयान में गांव हिजरावां कलां निवासी 32 वर्षीय सूरज ने बताया कि वह जाखल थाने में होमगार्ड है। 14 मई को ड्यूटी पर जाने के लिए अपने बाइक पर भाई जीवन के साथ फतेहाबाद शहर की तरफ आ रहा था। जब वह शिव मंदिर हांसपुर के पास पहुंचा तो एक कार उसके बाइक के आगे आकर रुकी। इस दौरान पीछे से दो बाइकों पर आए युवकों ने उसे पकड़ लिया व मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि गाड़ी व बाइक पर आए इन सात युवकों के हाथ में डंडा व कापा था। एक ने हाथ में पिस्टल ले रखा था। सातों ने हाथ में लिए डंडों से उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके पैरों, हाथों व कमर पर डंडे मारे। शोर सुनकर लोग एकत्रित होने लगे तो सभी आरोपी मौके से भाए निकले। पुलिस को होमगार्ड ने बताया है कि रंजिश का गांव के ही लाडी व काला सिंह के साथ झगड़े का मामला सदर थाना फतेहाबाद में चल रहा है। इसी रंजिश के चलते इन दोनों ने अपने दोस्तों को बुलाकर उसको चोटें मरवाई हैं।