भूना। शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पहला आयोजन राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान में रामा कृष्णा कला मंच की ओर से किया गया। रामलीला ग्राउंड से फूलों से सजे हुए रथों में श्री राम के साथ अयोध्या रूपी टीम उत्सव मनाते हुएखेल मैदान में पहुंचे जबकि रावण की टीम उत्पात मचाते हुए पुतले के पास पहुंची।
करीब 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का रिमोट कंट्रोल के माध्यम से दहन किया गया। जैसे ही रिमोट का बटन दबाया गया, रावण का पुतला जलने लगा औरपटाखों की रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा। वातावरण जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक दुडाराम मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगर पालिका वाइस चेयरमैन नरेंद्र बागड़ी ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कला मंच के प्रधान हरविंद मेहता ने की। इस अवसर डायरेक्टर सुनील खुराना, सुरेंद्र हंस, संजय मेहता, राजेश चराया, संजय गिरधर, तरसेम शर्मा आदि उपस्थित रहे।
51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन
दूसरा आयोजन लॉर्ड कृष्णा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में जय श्रीराम कला मंच ट्रस्ट भूना द्वारा किया गया। यहां 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन समाजसेवी कामरेड भूपेंद्र सिंह और नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि पंकज पसरीजा ने किया। कार्यक्रम में रणजीत सिंह, कश्मीरी लाल, सुरेश कंबोज, राजेंद्र शर्मा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।