फतेहाबाद। नए राशन कार्ड बनने का रुका हुआ काम अब फिर से शुरू होगा। सरकार की ओर से नए राशनकार्ड बनाने के आदेश वर्ष 2021 में दिए गए थे। मगर परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से राशनकार्ड को लिंक करने का काम शुरू होने के चलते नए राशनकार्ड बनाने का काम रोक दिया गया। फतेहाबाद जिले में करीब 99.98 प्रतिशत राशनकार्ड पीपीपी से लिंक हो गए हैं। वहीं, अन्य जिलों में ही यह कार्य जल्द पूरा होने वाला है। इसलिए नए राशनकार्ड बनाने के लिए वेबसाइट जल्द खुलने की संभावना है।
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार फरवरी 2021 में नए राशनकार्ड बनाने का कार्य रोका गया था। वेबसाइट भी बंद कर दी गई थी ताकि लोग नए राशनकार्ड के लिए आवेदन ही न कर पाएं। करीब एक साल के दौरान पीपीपी से राशन कार्ड धारकों का डाटा मिलान करके लिंक किया गया है। पीपीपी से लिंक हुए राशनकार्ड का पूरा डाटा सरकार के पास भेजा गया है और इसे वेबसाइट पर डाला जाएगा। बताया गया है कि नए राशनकार्ड बनवाने के लिए विभाग की वेबसाइट को नए रूप में डिजाइन किया गया है।
पीपीपी नंबर से भी राशनकार्ड का स्टेटस पता चलेगा
परिवार पहचान पत्र से राशनकार्ड लिंक होने के बाद बताया जा रहा है कि पीपीपी नंबर से ही नए राशन कार्ड का स्टेटस ऑनलाइन चेक किया जा सकेगा। राशन कार्ड के पीपीपी से लिंक होने के बाद गरीबों के लिए लागू राशन वितरण प्रणाली, अन्य सरकारी योजनाओं से मिलने वाले वाली सब्सिडी के मामलों में और अधिक पारदर्शिता आएगी। इसके अलावा राशन कार्डों में नाम जुड़वाने व कटवाने से संबंधित प्रक्रिया भी आसान हो सकेगी।
कोट
फतेहाबाद जिले में राशन कार्ड धारकों का डाटा परिवार पहचान पत्र से लिंक करने का 99.98 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस डाटा की रिपोर्ट बनाकर सरकार के पास भेजी जाएगी। जल्द ही नए राशनकार्ड बनने का काम शुरू होगा। नए राशनकार्ड के लिए वेबसाइट पर आवेदन करने की सुविधा शुरू की जाएगी।
-विनीत जैन, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक, फतेहाबाद