अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
गांव चंद्रावल के पास एक इनोवा गाड़ी ने किशोरी को कुचल दिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। आरोपी इनोवा चालक मौके से गाड़ी सहित फरार हो गया। मृतका की पहचान 16 वर्षीय अंकिता के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलते ही भूना पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव हिसार जिले के गांव फ्रांसी की रहने वाली अंकिता अपनी बुआ के घर चंद्रावल में आई हुई थी। मंगलवार सुबह वह खरीददारी के लिए भूना गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर को बस से अंकिता वापिस चंद्रावल के बस स्टैंड पर उतर गई। बस से उतरकर वो अपनी बुआ के घर की ओर पैदल जा रही थी कि पीछे से एक तेज रफ्तार इनोवा ने उसे पीछे से टक्कर दे मारी। जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने कार चालक को रोकने का प्रयास किया लेकिन वो मौके से फरार हो गया। मंगलवार सांय अंकिता के शव का फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।