भूना में खेल प्रतियोगिता में भाग लेते हुए खिलाड़ी
भूना। विश्वास नव शारदा पब्लिक स्कूल में सीबीएसई क्लस्टर स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के स्कूलों की करीब 65 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में 900 से अधिक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत खिलाड़ियों के मार्च-पास्ट से हुई। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी निर्मल बाला मुख्य अतिथि रहीं जबकि सरबजीत सिंह मान और विजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल चेयरपर्सन स्वर्णिका खुराना ने की। संचालन प्राचार्य मुकेश मोंगिया ने किया।
विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, हरियाणवी लोकनृत्य और देशभक्ति प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। पारंपरिक हरियाणवी वेशभूषा में नृत्य और तिरंगे के सम्मान में दी गई सलामी ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। उप-प्राचार्य डॉ. सौरभ खुराना ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए।
लड़कों के अंडर-19 वर्ग में हिंदू पब्लिक स्कूल चिकनवास ने द स्कूट्स स्कूल हिसार को 48-27 अंकों से हराया। वहीं गुरु नानक स्कूल चंडीगढ़ ने राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा को 49-26 से पराजित किया। अंडर-14 वर्ग में आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल करनाल ने पाइन ग्रोव स्कूल हिमाचल प्रदेश को 24-12 अंकों से शिकस्त दी।
एक अन्य मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल अंबाला ने पीएम श्री स्कूल खरिया सिरसा को 30-11 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस अवसर पर डीपी पहलवान कुलदीप सिंह, दलीप सिंह, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।