टोहाना के हिसार-चंडीगढ रोड पर कार लिए खड़े तीन युवकों ने एक कार सवार को रुकने का इशारा किया। रुकने पर युवकों ने कार सवार को रास्ता बताने के लिए कार से बाहर बुलाया।
कार सवार के बाहर निकलते ही युवकों ने कार सवार के सिर पर पिस्तौल की बट मारकर उसे घायल कर दिया। तीन युवक कार सवार के पास मौजूद 85 हजार रुपये, लाइसेंस और उसका पैन कार्ड लेकर फरार हो गए। घायल को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयान पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव कमालवाला निवासी बलवंत ने गुरुवार रात को दस बजे टोहाना स्थित अपनी दुकान किसान पाइप स्टोर बंद कर कार से अपने घर गांव कमालवाला जा रहे थे। तभी अचानक नरवाना रोड पर एक युवक अपनी कार के पास खड़ा था। जिसने बलवंत की कार को रुकवाकर उससे धमतान गांव में जाने के लिए रास्ता पूछा।
जैसे ही बलवंत उसे रास्ता बताने के लिए कार से उतरा तो पीछे से दो युवकों ने उसकी कान पर पिस्तौल तान दी और जबरदस्ती अपनी कार में बैठा लिया। बलवंत ने जब विरोध किया तो उन्होंने उसके सिर पर पिस्तौल के हत्थे से हमला कर उसे घायल कर दिया। उसकी जेब से 85 हजार रुपये निकाल लिया।
बलंवत के अनुसार उक्त युवक कागजात, लाइसेंस, पैनकार्ड भी साथ में ले गए। बलवंत को टोहाना के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने बलवंत के ब्यान पर तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।