अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
युवा हमारे देश का भविष्य है, लेकिन नशे की लत उस भविष्य को गर्त की तरफ धकेलती जा रही है। युवाओं को नशे की बुरी लत से बचना चाहिए। यह बातें शहीद बाबा दीप सिंह संस्थान के संरक्षक डा. विरेंद्र सिंह सिवाच ने नुक्कड़ नाटक के शुभारंभ अवसर पर कही। शुक्रवार को शहीद बाबा दीप सिंह संस्थान में रेड आर्ट्स पंजाब की टीम की तरफ से नशे की बुराई को खत्म करने का संदेश देने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ संस्था के संरक्षक डा. विरेन्द्र सिवाच, चेयरपर्सन शरणजीत कौर, डायरेक्टर कमलदीप सिंह, प्राचार्या डा. ममता चौधरी व विद्यालय के प्राचार्य विजय चौहान ने किया। इस नुक्कड़ नाटक का मुख्य विषय आज के समाज में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृति था।
शरणजीत कौर ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई और कहा कि संस्था में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना चाहिए, जो समाज को जागरूक कर सके। नुक्कड़ नाटक में बताया गया कि किस तरह से युवा पीढ़ी नशे की आदी होती जा रही है। जिससें युवाओं का शारीरिक, मानसिक व आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर डायरेक्टर कमलदीप सिंह ने कहा कि नशा एक बीमारी है जो व्यक्ति के दिमाग और व्यवहार दोनों को अनियंत्रित कर देता है। आज की युवा पीढ़ी को कई कारणों से मादक पदार्थों की लत लग गई है, इसका सबसे बड़ा कारण है बच्चों को सही मार्गदर्शन न मिलना। आज हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है नशा मुक्त समाज। इसके लिए हमें समाज में जागृति लानी होगी। प्राचार्या डा. ममता चौधरी ने टीम को संस्था की ओर से स्मृति चिह्न व नगद इनाम देकर सम्मानित किया।