अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
गांव चंदोकला के एक युवक को चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने ज्यादा वेतन देने का लालच देकर नौकरी पर रख लिया। आरोप है कि जब युवक वहां नौकरी के लिए गया तो उक्त प्रभावशाली व्यक्ति ने उसे नौकरी पर तो रख लिया और 6 माह तक वेतन नहीं दिया। इतना ही नहीं उसे बंधक बनाकर रख लिया गया है। युवक ने किसी तरह से अपने बंधक बनाने और जान को खतरा होने की एक वीडियो परिजनों तक पहुंचाई। इसके बाद परिजन युवक को छुड़ाने के लिए चंडीगढ़ पहुंच गए, लेकिन यहां पर भी उनका कोई मदद नहीं मिली। अब पीड़ित व्यक्ति के परिजनों ने फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक को एक शिकायत पत्र देकर बंधक बनाए एक युवक को छुड़वाने की गुहार लगाई है। परिजनों के समर्थन में मार्केट कमेटी के चेयरमैन व गांव के सरपंच ने भी मामले की जानकारी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को दी है।
चंदोकलां निवासी चंद सिंह पुत्र सिकंदर सिंह ने फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक को एक शिकायत पत्र देकर बताया कि उसका भतीजा मलकू सिंह कुछ समय पूर्व चंडीगढ़ के सेक्टर-82 निवासी व्यक्ति के पास नौकरी पर काम करने हेतु गया था। पिछले 6 महीने से व्यक्ति मलकू को ना तो वेतन के पैसे दे रहा था और ना ही उसे घर से बाहर जाने दे रहा था। बल्कि उसे बंधक बनाकर अपने फार्म हाउस पर ही रखा हुआ है व उसे प्रताड़ित कर जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। कुछ दिन पहले मलकू ने फोन कर उसे छुड़वाने के लिए भी कहा था, लेकिन बाद में उसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। जब उन्होंने दोबारा मलकू के पास फोन किया तो उससे कोई बात नहीं हो पाई। जिसके बाद उसके परिजन मलकू को छुड़वाने के लिए चंडीगढ़ गए, लेकिन उन्हें फार्म हाउस पर नहीं घुसने दिया और ना ही पुलिस ने उनकी कोई मदद की। उन्होंने बताया कि मलकू ने उन्हें एक वीडियो भेजा है, जिसमें उसने बताया है कि कि अगर उसे जल्दी न छुड़वाया गया तो फार्म का मालिक उसे कथित रूप से उसे जान से मार देगा। मार्केट कमेटी के चेयरमैन शाम कम्बोज, गांव के सरपंच गुरसेवक सिंह आदि ने वीरवार को परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर उसके रिश्तेदार को छुड़वाने की गुहार लगाई। वहीं चेयरमैन शाम कम्बोज ने बताया कि वह इस मामले में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाषथ बराला से भी बातचीत कर रहे हैं और अगर पीड़ित बच्चे को चंडीगढ़ प्रशासन ने जल्द नहीं छुड़वाया तो वह परिजनों के साथ चंडीगढ़ जाकर भी आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।