अमर उजाला ब्यूरो
भूना (फतेहाबाद)।
नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता व मुख्य लेखाकार के साथ वार्ड नंबर 14 के पार्षद के प्रतिनिधि द्वारा की गई बदसलूकी व हाथापाई मामला समाप्त हो गया है। पार्षद प्रतिनिधि ने कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचकर हाथजोड़कर माफी मांगी और कनिष्ठ अभियंता को अपने गले लगाया। पार्षद प्रतिनिधि ईश्वर सिंह गर्ग ने कहा कि जाने-अनजाने में उनसे कोई गलती हुई हैं तो माफ करें और अपना भाईचारा कायम रखे। धरना स्थल पर सर्व कर्मचारी संघ ने पुलिस को 24 घंटे में पार्षद प्रतिनिधि के खिलाफ कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद एसएचओ ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया। इस मौके पर नगरपालिका कर्मचारी यूनियन के उपप्रधान रमेश तुषामड़ व सर्व कर्मचारी संघ ब्लॉक प्रधान सुभाष बैजलपुरिया ने धरने में पहुंचकर नगरपालिका कर्मचारी यूनियन का हौसला बढ़ाया और प्रशासन पर आंदोलन के माध्यम से दबाव बनाया। पार्षद प्रतिनिधि के माफी मांगने के बाद पूरे मामले का विवाद समाप्त हो गया है।
क्या था मामला
नगरपालिका के वार्ड नंबर 14 के पार्षद प्रतिनिधि ईश्वर गर्ग ने मंगलवार को नगरपालिका कार्यालय के कनिष्ठ अभियंता और मुख्य लेखाकार के साथ बदतमीजी की थी। आरोप है कि उनके साथ हाथापाई कर दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। नगरपालिका कर्मचारी यूनियन ने कलम छोड़ व झाडू छोड़ हड़ताल शुरू कर आरोपी पार्षद प्रतिनिधि को गिरफ्तार करने की मांग की थी। पार्षद प्रतिनिधि के खिलाफ पुलिस में भी लिखित पत्र दिया गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों के बीच पैदा हुए विवाद को सामाजिक रूप से निपटा दिया गया है। भूना एसएचओ राजेश कुमार कमांडो ने समझौते में अहम भूमिका निभाई। इस मौके पर नगरपालिका के सचिव सुरेंद्र कुमार, चेयरमैन प्रतिनिधि मेवा सिंह वाल्मीकि, वाईस चेयरमैन अनिल नढ़ा, एडवोकेट प्रवीन राणा, नरेंद्र बागड़ी, प्रवीन जैन, ओमप्रकाश कंबोज, डॉ. कश्मीरी लाल कंबोज, पवन कुमार दहिया, रहीस कुमार, कर्मचारी यूनियन भूना के प्रधान सुनील सरबटा, सुनील कुमार, राजबाला, नरेश कुमार, बीरमती, रीना, कमला आदि मौजूद रहीं।
पार्षद प्रतिनिधि ने हाथ जोड़कर माफी मांगी, जेई को लगाया गले
नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता व मुख्य लेखाकार के साथ हाथापाई का विवाद खत्म