जाखल। गांव तलवाड़ा के बस अड्ड़े पर सोमवार दोपहर एक स्कूल बस व पिकअप गाड़ी में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में स्कूल बस सवार सभी बच्चे बाल बाल बच गए। जबकि बस क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं भिड़ंत में पिकअप गाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। घटना की सूचना मिलते ही जाखल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच शुरू कर दी। फिलहाल घटना में किसी भी प्रकार की कोई जानी नुकसान न होने से सभी ने राहत की सांस ली है।
गांव तलवाड़ा के पास पंजाब के काहनगढ़ स्थित ज्ञान सागर कान्वेंट स्कूल की एक बस गुजर रही थी तो दूसरी ओर कुलां की ओर से एक पिकअप गाड़ी वहां से गुजरने लगी तो पिकअप गाड़ी की स्पीड तेज होने के कारण मोड़ पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। जिससे गाड़ी स्कूल बस से टकरा गई। बताया जाता है कि भिड़ंत में जहां स्कूल बस के आगे वाले शीशे टूट गए तो वही पिकअप गाड़ी की भी पिछली बॉडी अलग हो गई। पिकअप गाड़ी को ढेर निवासी सुरजीत सिंह चला रहा था। घटना में बस के अंदर सवार सभी 35 से 40 बच्चे बाल बाल बच गए। बच्चों को किसी भी प्रकार की कोई क्षति नहीं पहुंची। जबकि घटना को देखते ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी हरबंस लाल ने घटनास्थल पर जाकर इसकी जांच की। उन्होंने कहा कि बस में म्योंद, शक्करपुरा आदि गांवों के बच्चे सवार थे। बस अपनी साइड में जा रही थी। दूसरी ओर से आई गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से ही हादसा हुआ। बच्चों को उनके घरों तक पहुंचाया जा रहा है। स्कूल संचालकों को इसकी जानकारी देकर बुलाया गया है। घटना संबंधी अभी शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर जो भी कार्रवाई होगी वो की जाएगी।